सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मशीन सफेद शीट से काजू के आकार के टुकड़े काटती दिख रही है। वीडियो के साथ दावा किया गया है कि बाजार में बिकने वाला 80 से 90 प्रतिशत काजू नकली है। हालांकि, कई यूजर्स ने वीडियो को फर्जी बताया है।

किराना कमेटी दिल्ली के संयुक्त सचिव और ड्राई फ्रूट्स एक्सपर्ट रवींद्र मेहता के अनुसार, बाजार में रंगे हुए बादाम बेचे जाने की बातें सामने आई हैं। मशीन से छिलका निकालने के दौरान बादाम पर खरोंच आने या टूटने पर कुछ प्रोसेसर बादाम के पाउडर से टूटा हिस्सा ठीक करते हैं और कुछ बेहतर दिखाने के लिए केमिकल से रंगते भी हैं।

काजू के इंपोर्टर और प्रोसेसर कौशल गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो पहली नजर में फर्जी लगता है और नकली काजू तैयार करना संभव नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे वीडियो गलतफहमी फैलाने के लिए शेयर किए जाते हैं और इनमें एआई का इस्तेमाल भी होता है। बाजार में काजू की शेप में नमकीन बनाने वाली मशीनें होती हैं, जिन्हें असली काजू नहीं कहा जा सकता।

एक्सपर्ट्स के अनुसार नकली काजू नहीं होता, लेकिन इसमें मिलावट की गुंजाइश रहती है, जैसे छोटे दानों को बड़े आकार के नाम पर बेचना, साबुत काजू में टूटे दाने मिलाना, पुराने स्टॉक के साथ नए काजू मिलाना और नमी बढ़ाकर वजन बढ़ाना। मेहता ने बताया कि काजू को रंग, आकार, गंध, स्वाद, बनावट, भंडारण, पैकिंग पर वजन और लेबल की जानकारी से पहचाना जा सकता है, लेकिन नमी, फफूंद और रासायनिक अवशेषों के लिए लैब जांच जरूरी है। घर पर काजू को सफेद टिशू पेपर में दबाकर तेल या पॉलिश का अंदाजा लगाया जा सकता है और गुनगुने पानी में डालने पर पानी धुंधला होना या तेल की परत तैरना मिलावट का संकेत हो सकता है। असली और ताजा काजू तोड़ने पर साफ आवाज के साथ टूटता है और क्रीम जैसा मीठा स्वाद देता है।