हर साल नवंबर के आखिरी हफ्ते में ब्लैक फ्राइडे सेल शुरू होते ही शॉपिंग ऐप्स और मार्केट में 50 से 80 प्रतिशत तक छूट के ऑफर आ जाते हैं। फ्लैश सेल और 'सिर्फ कुछ घंटे बाकी हैं' जैसे नोटिफिकेशन ग्राहकों को खरीदारी के लिए उकसाते हैं। लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर एक अलग तस्वीर दिख रही है। कंपनियां सामान बेचने की पूरी कोशिश कर रही हैं, वहीं Gen-Z के बीच 'नो-बाय चैलेंज' तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
इस चैलेंज का मतलब खरीदारी पूरी तरह बंद करना नहीं है। इसके तहत युवा एक तय समय के लिए सिर्फ जरूरी चीजों पर पैसा खर्च करते हैं। राशन, रेंट, ट्रैवल या रोज की चाय-कॉफी पर कोई रोक नहीं है, लेकिन पहले से मौजूद कपड़ों के बावजूद नई हुडी खरीदने या सिर्फ अच्छा दिखने के कारण रूम डेकोर का सामान ऑर्डर करने से बचा जाता है।
Gen-Z के इस रुख की एक वजह जेब का हाल और यूपीआई का इस्तेमाल है। एक क्लिक या क्यूआर कोड स्कैन करते ही पैसे अकाउंट से निकल जाते हैं, और महीने के मध्य में बैंक बैलेंस डराने लगता है। युवा अब महंगाई के दौर में शो-ऑफ के बजाय अपने पैसों पर कंट्रोल रखना बेहतर मानते हैं। दूसरी वजह यह है कि Gen-Z मार्केटिंग के ट्रैप को पहचानने लगे हैं। कई ब्रांड्स सेल से एक हफ्ते पहले दाम बढ़ा देते हैं और फिर वही पुराना रेट भारी डिस्काउंट के नाम पर पेश करते हैं। 'ओनली 2 लेफ्ट इन स्टॉक' जैसे मैसेज अब युवाओं में उत्साह नहीं, चिढ़ पैदा करते हैं।
देर रात की बोरियत वाली शॉपिंग से भी युवा ऊब चुके हैं। कुछ समय पहले शॉपिंग बैग्स के साथ 'हॉल वीडियो' बनाना ट्रेंड था, लेकिन अब हवा का रुख बदल गया है। तनाव या बोरियत में ऑर्डर किया गया सामान दो दिन की खुशी के बाद पछतावा और कमरे में फालतू सामान का ढेर बनकर रह जाता है। इसलिए 'कम सामान, ज्यादा सुकून' वाली सोच इंटरनेट पर छाई हुई है। कुल मिलाकर, 'नो-बाय चैलेंज' कंजूसी नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर जीने का नया अंदाज माना जा रहा है।
