तिरुमला के तिरुपति मंदिर में गुरुवार को चेन्नई के एक भक्त दंपती ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए। इनकी कीमत करीब 208 करोड़ रुपए बताई गई है। यह दान वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में दिया। चढ़ावे में 9 सेट में रखे 45 जेवर और 238.2 कैरेट के हीरे शामिल हैं। दंपती ने भगवान वेंकटेश के मुकुट और पैरों के आभूषण भी चढ़ाए। TTD के मुताबिक, तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।

चेन्नई की कंपनी 'वारा फ्यूचर एलएलपी' के चेयरमैन वर्धमान जैन ने कंपनी में अपनी 60% हिस्सेदारी बेचकर 6000 करोड़ रुपए हासिल किए थे। इसी रकम में से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर को यह सोना दान किया। इससे पहले भी वे कई बार दान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।

तिरुपति मंदिर से जुड़ी मान्यताओं के अनुसार, यहां बालों का दान किया जाता है। माना जाता है कि जो व्यक्ति अपने मन से सभी पाप और बुराइयां यहां छोड़ जाता है, उसके सभी दुख देवी लक्ष्मी खत्म कर देती हैं। इसीलिए लोग अपनी बुराइयों और पापों के प्रतीक के रूप में यहां अपने बाल छोड़ते हैं।

मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यह मेरु पर्वत के सप्त शिखरों पर बना है और इसकी सात चोटियां शेषनाग के सात फनों का प्रतीक हैं। इन चोटियों को शेषाद्रि, नीलाद्रि, गरुड़ाद्रि, अंजनाद्रि, वृषटाद्रि, नारायणाद्रि और व्यंकटाद्रि कहा जाता है। व्यंकटाद्रि नाम की चोटी पर भगवान विष्णु विराजित हैं, इसी वजह से उन्हें वेंकटेश्वर कहा जाता है। मंदिर में भगवान बालाजी के दिन में तीन दर्शन होते हैं, जबकि पूरी प्रतिमा के दर्शन केवल शुक्रवार को सुबह अभिषेक के समय होते हैं।