भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित करते हुए कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। प्राधिकरण के अनुसार, सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं थी, जिसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित माना गया। कंपनी की अपील पर सैंपल रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां इसमें पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (पीएएच) पाए गए और इसे दोबारा असुरक्षित घोषित किया गया।

बिसलेरी ने जारी बयान में कहा कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के एक बैच से जुड़ा है। कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को लिए गए छह सैंपल में से छठे सैंपल में ब्रोमेट 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी का दावा है कि उसने नतीजे के खिलाफ अपील की, जिसके बाद रेफरल लैब ने ब्रोमेट को सीमा के भीतर पाया, लेकिन उसी सैंपल में पीएएच की मौजूदगी दर्ज की गई।

कंपनी ने यह भी कहा कि उसने एक एफएसएसएआई-अनुमोदित स्वतंत्र लैब से जांच कराई, जिसमें ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। बिसलेरी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को यह रिपोर्ट एफएसएसएआई के वेस्टर्न रीजनल ऑफिस को भेजी गई थी, जिसके बाद कोई सूचना नहीं मिली। कंपनी ने अपने पानी को सुरक्षित बताते हुए नियामक के साथ सहयोग की बात कही है। हालांकि, मुकदमे की मंजूरी का अर्थ यह नहीं है कि कंपनी अदालत में दोषी साबित हो चुकी है।

पब्लिक हेल्थ के क्षेत्र में काम कर चुके समीर भाटी के मुताबिक, ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को ओज़ोन से साफ करने की प्रक्रिया में बन सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार भी ओज़ोन उपचार के दौरान ब्रोमेट बन सकता है। वहीं, पीएएच कई रासायनिक यौगिकों का समूह है, जो मुख्य रूप से तेल, कोयले और अन्य कार्बनिक पदार्थों के अधूरे जलने से बनते हैं। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, पीने के पानी में पीएएच पाइपलाइनों पर लगी कोलतार की परत, औद्योगिक प्रदूषण और दूषित जल स्रोतों से पहुंच सकते हैं।