देश में महंगाई फिर बढ़ रही है और सबसे बड़ी चिंता खाने-पीने की चीज़ों की कीमतों को लेकर है। सरकार के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फ़ीसदी हो गई, जो सितंबर में 5.54 फ़ीसदी थी। खाद्य महंगाई बढ़कर 8.94 फ़ीसदी हो गई है। ग्रामीण भारत में खाद्य महंगाई दर 9.09 फ़ीसदी और शहरी इलाक़ों में 8.68 फ़ीसदी रही। यानी खाने-पीने की चीज़ों की कीमतें महंगाई की कुल दर के मुकाबले कहीं तेज़ी से बढ़ रही हैं।

अर्थशास्त्रियों के मुताबिक, इस साल खाद्य महंगाई बढ़ने के पीछे मौसम में बदलाव, सप्लाई में कमी और खेती की लागत में बढ़ोतरी जैसे कई कारण हैं। भारत की करीब 60 फ़ीसदी खेती बारिश पर निर्भर है, इसलिए मानसून में बदलाव का सीधा असर पड़ता है। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से 13 फ़ीसदी कम रहा और देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश कहीं कम और कहीं ज़्यादा हुई। अल नीनो की स्थिति मज़बूत होने से कृषि उत्पादन पर असर का ख़तरा भी बढ़ा है।

पोलिंग एजेंसी लोकलसर्कल्स के एक सर्वे में सामने आया है कि हर दस में से छह लोगों का कहना है कि एक साल पहले के मुकाबले अब हर महीने घर के ज़रूरी सामान पर उनका खर्च बीस फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़ गया है। सर्वे के मुताबिक, 74 फ़ीसदी लोग बाहर खाना खाने, ख़रीदारी और मनोरंजन जैसी चीज़ों पर खर्च कम कर रहे हैं, जबकि आधे लोग ज़रूरी सामान कम मात्रा में ख़रीद रहे हैं।

एनालिटिक्स कंपनी क्रिसिल के मुख्य अर्थशास्त्री धर्मकीर्ति जोशी की गणना के मुताबिक, अक्तूबर में ग्रामीण इलाक़ों के सबसे ग़रीब बीस फ़ीसदी परिवारों को 6.9 फ़ीसदी महंगाई का सामना करना पड़ा, जबकि सबसे अमीर बीस फ़ीसदी परिवारों के लिए यह दर 6.5 फ़ीसदी रही। शहरी भारत में सबसे ग़रीब बीस फ़ीसदी परिवारों के लिए महंगाई दर 6.1 फ़ीसदी और सबसे अमीर 20 फ़ीसदी परिवारों के लिए 5.3 फ़ीसदी रही। क्रिसिल के 'रोटी राइस रेट' विश्लेषण के मुताबिक, अक्तूबर में घर पर बनने वाली शाकाहारी थाली की क़ीमत एक साल पहले के मुकाबले 12 फ़ीसदी बढ़ गई, जिसकी वजह प्याज़, टमाटर, सब्ज़ियों, खाद्य तेल, चावल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतें हैं। मांसाहारी थाली की क़ीमत में नौ फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई। क्रिसिल के इंटेलिजेंस विभाग के निदेशक पुषन शर्मा के मुताबिक, चावल की क़ीमतें सालाना आधार पर करीब दस फ़ीसदी, दालों की आठ फ़ीसदी, खाद्य तेल की तेरह फ़ीसदी और एलपीजी की दस फ़ीसदी बढ़ी हैं।

मुंबई स्थित इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलपमेंट रिसर्च की अर्थशास्त्र की एसोसिएट प्रोफ़ेसर राजेश्वरी सेनगुप्ता कहती हैं कि भारत जैसे ग़रीब देश में अपने खर्चों को घटाने या उनमें बदलाव करने की गुंजाइश बहुत कम है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में खाने-पीने की चीज़ों की हिस्सेदारी अब 36.75 फ़ीसदी है, जो पिछले सूचकांक में 45.86 फ़ीसदी थी।