कालका-शिमला नैरोगेज हेरिटेज रेललाइन पर टॉय ट्रेन का संचालन नए साल पर शुरू नहीं होगा। रेलवे ने बंद ट्रेनों की अवधि बढ़ाकर 10 जनवरी कर दी है। पहले यह अवधि 31 दिसंबर तक थी। इससे हिमाचल आने वाले पर्यटकों को मायूसी हाथ लगेगी।

इस साल अगस्त में हुई भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सोलन के टकसाल और गुम्मण स्टेशन के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास रेललाइन के नीचे जमीन धंस गई थी। इसका मरम्मत कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। इस रूट पर रोजाना छह ट्रेन चलती हैं, जिनमें से चार बंद रहेंगी और दो धर्मपुर से शिमला के बीच चलाई जा रही हैं।

रेललाइन बंद होने से शिमला में पर्यटन कारोबार को भी नुकसान हो रहा है। पर्यटन कारोबारी अमित कुमार, विवेक शर्मा और इंद्रजीत सिंह का कहना है कि दिसंबर से 15 जनवरी तक ट्रेनों में हर बार 100 प्रतिशत आक्यूपेंसी रहती है और इस अवधि में अतिरिक्त ट्रेन भी चलानी पड़ती है। उनके मुताबिक ट्रेन बंद होने से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है और सबसे ज्यादा मार शिमला रेलवे स्टेशन से टैक्सी चलाने वालों पर पड़ रही है, जिनके लिए वाहनों की किस्त निकालना मुश्किल हो गया है। वर्ष 2023 में बरसात के दौरान भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, लेकिन तब नए साल में सेवा बहाल कर दी गई थी।

विदेशी पर्यटक शिमला-कालका रेललाइन पर सफर करना सबसे ज्यादा पसंद करते हैं और स्टीम इंजन बुक कराकर पूरी ट्रेन तक बुक करवाते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्हें यह सुविधा नहीं मिल सकेगी। 2008 में यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा पाए 121 वर्ष पुराने इस 96 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर 103 सुरंगें और 869 छोटे-बड़े पुल हैं। इनमें बड़ोग रेलवे स्टेशन की 33 नंबर सुरंग सबसे लंबी है, जिसकी लंबाई 1143.61 मीटर है और निर्माण के समय यह दुनिया की सबसे लंबी नैरोगेज सुरंग थी। ट्रैक पर 18 रेलवे स्टेशन हैं, जिनमें हर स्टेशन की अपनी ऐतिहासिक और वास्तुशिल्पीय विशेषताएं हैं।