दवाओं की कीमतें कम करने के लिए सरकार ने ठोस खाका तैयार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फार्मा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पहले घोषित की गई बायोफार्मा शक्ति योजना अगले साल जनवरी से लागू की जा सकती है। योजना को तीन श्रेणियों में बांटने की तैयारी है। फिलहाल योजना से जुड़ा प्रस्ताव कैबिनेट के पास भेजा गया है।

अधिकारी के अनुसार, योजना की पहली पहल के तहत बायोलॉजिकल दवाएं बनाने वाली नई कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। बायोलॉजिकल दवाएं कैंसर, डायबिटीज और मस्कुलर डिस्ट्रोफी जैसी कई इम्यूनो बीमारियों सहित गैर-संक्रामक रोगों में ज्यादा बेहतर परिणाम देती हैं। अधिकारी के मुताबिक, इन बीमारियों में केमिकल ड्रग्स कारगर हैं, लेकिन बायोलॉजिक्स को अधिक बेहतर माना जाता है।

दूसरी श्रेणी के तहत बायोसिमिलर दवाओं के विकास और निर्माण के लिए फंड उपलब्ध कराया जाएगा। सामान्य रूप से दवाओं का पेटेंट 20 वर्ष के लिए होता है और पेटेंट अवधि पूरी होने के बाद इन्हें कोई भी बना सकता है। मूल दवा को बायोलॉजिक्स और उसके जेनेरिक स्वरूप को बायोसिमिलर कहा जाता है।

तीसरी पहल के तहत देश में क्लीनिकल ट्रायल को मजबूत प्रोत्साहन दिया जाएगा। भारत की 140 करोड़ की आबादी ग्लोबल साउथ के 400 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करती है, यानी भारत में क्लीनिकल ट्रायल कराने वालों के लिए पूरा ग्लोबल साउथ खुला रहेगा, जो भारत को क्लीनिकल ट्रायल के लिए एक रणनीतिक केंद्र बनाता है। फार्मास्युटिकल्स विभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद मिलकर क्लीनिकल ट्रायल साइट्स विकसित करेंगे, जिसे सरकार योजना के तहत बढ़ावा देगी।