उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट पर तीन बड़े गंगा कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। इन पर कुल 8279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से 1109 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। इन परियोजनाओं से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 66 से 80 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में इन परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और प्रक्रिया पूरी हो चुकी परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले एक माह में कुछ परियोजनाओं के काम जमीन पर दिखाई देने चाहिए।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 495 करोड़ रुपये के काम क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी और सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला का 45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का काम क्रमश: 55 और 50 प्रतिशत पूरा हुआ है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि सतीकुंड का 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाएगा।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर में 3456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं। जानकी झूला के पास एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। त्रिवेणी घाट के विकास, आस्था पथ के सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण भी जारी है। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग तथा पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में 1526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं। पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत, शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है।
बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में 72 हेक्टेयर में स्पिरिचुअल इकोनामिक जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा साहसिक पर्यटन को सुरक्षित बनाने, निजी निवेश बढ़ाने और परियोजनाओं की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।
