जयपुर: राजस्थान की 419 पंचायत समितियों के प्रधान चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इन नतीजों में ग्रामीण राजनीति में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं। कई जगहों पर बहुमत के बावजूद सियासी गणित बदल गया, तो कहीं हंगामे, पथराव और आरोप-प्रत्यारोप के बीच नतीजे घोषित हुए।

चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाई है। वहीं भाजपा, रालोपा, भारत आदिवासी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अहम सीटों पर जीत दर्ज की है। जारी सूची में सभी 419 विजयी प्रत्याशियों के नाम, जिला, पंचायत समिति और पार्टी का विवरण दिया गया है।

सूची के अनुसार अजमेर जिले की अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति से बीना मेघवंशी भाजपा से, अरायण पंचायत समिति से गुलाब देवी कांग्रेस से और बड़ल्या पंचायत समिति से श्रवण सिंह रावत भाजपा से विजयी हुए हैं। इसी तरह अलवर, बालोतरा, बांसवाड़ा और बाड़मेर समेत अन्य जिलों की पंचायत समितियों के प्रधानों के नाम भी सूची में शामिल हैं।

बाड़मेर जिले की आदेल पंचायत समिति से पालू देवी और बाड़मेर पंचायत समिति से रतन सिंह निर्दलीय विजयी हुए हैं। वहीं बाड़मेर ग्रामीण पंचायत समिति से सरोज चौधरी और बाटाडू पंचायत समिति से फतु देवी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से जीती हैं। बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी पंचायत समिति से प्रमिला कुमारी बामनिया भारत आदिवासी पार्टी से विजयी हुई हैं।