कई दिनों के हंगामे के बाद टीवीके विधायक अरुल विग्नेश को शुक्रवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला आईएएस अधिकारी को अश्लील मैसेज भेजे थे। महिला जिला कलेक्टर ने 23 नवंबर को विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आपत्तिजनक मैसेज भेजने और कई मौकों पर गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद कल्लाकुरिची की ऑल-वुमेन पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। विधायक अरुल विग्नेश पहले ही इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं और इन्हें अपनी तथा अपनी पार्टी की छवि खराब करने की राजनीतिक कोशिश बताया था।
मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने विधायक पर कार्रवाई की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने आरोप लगाया कि टीवीके ने विधायक को बचाने के लिए मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मंत्रियों से लेकर सहयोगी दलों के नेताओं तक ने शिकायत को खारिज किया और विधायक को क्लीन चिट देने की कोशिश की। स्टालिन ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित अधिकारी को मानसिक रूप से परेशान करने के लिए सोशल मीडिया पर अपमानजनक अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी ने तमाम दबावों के बावजूद हिम्मत दिखाते हुए शिकायत दर्ज कराई और आखिरकार हाईकोर्ट तथा महिला आयोग जैसी संस्थाओं के दबाव के बाद विधायक को गिरफ्तार किया गया।
हाईकोर्ट ने 24 नवंबर को मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए थे और जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की निगरानी में कराने का निर्देश दिया था। तिरुपुर की एसपी सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया, जबकि आईजी रैंक की अधिकारी एन कामिनी को जांच की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस ने 25 नवंबर को अरुल विग्नेश को पूछताछ के लिए समन भेजा था। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता महिला अधिकारी और मामले से जुड़े दूसरे लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।
