कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कलकत्ता हाईकोर्ट ने ऋतब्रत बनर्जी की नेता विपक्ष के पद पर नियुक्ति रद्द कर दी है। शुक्रवार को अदालत ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि यह नियुक्ति कानूनन वैध नहीं है। हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक के रूप में अखरुज्जमां की नियुक्ति भी रद्द कर दी। अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष रतींद्र बोस को नेता विपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति पर 10 दिन के भीतर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया है।
यह फैसला तृणमूल कांग्रेस के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय की ओर से इन नियुक्तियों को चुनौती देने वाली याचिका पर आया। अदालत ने कहा कि ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त करने का निर्णय कानूनन वैध नहीं है। बता दें कि मई में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद बोस ने तीन जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष नियुक्त किया था।
ममता बनर्जी के करीबी नेता कल्याण बनर्जी ने स्पीकर पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि स्पीकर को पूरी तरह से स्वतंत्र व्यक्ति होना चाहिए और सभी राजनीतिक दलों से ऊपर रहकर केवल संविधान के अनुसार काम करना चाहिए। लेकिन पश्चिम बंगाल के मामले में स्पीकर ने ऐसा नहीं किया। यही हमारा भी पक्ष था, और इसलिए विपक्ष के नेता की नियुक्ति को रद्द कर दिया गया है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद कल्याण बनर्जी काफी खुश नजर आए।
अपनी प्रतिक्रिया में ऋतब्रत बनर्जी ने कहा है कि हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने एक आदेश दिया है, जिसने स्पीकर के फैसले को रद्द कर मामले को वापस उनके पास भेज दिया है और 10 दिनों के भीतर फैसला लेने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है, क्योंकि जब शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने इस नियुक्ति को चुनौती देते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, तब तीन जून को तृणमूल कांग्रेस के भीतर कोई विवाद नहीं था। 22 जून को एआईटीएमसी ने अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना और फिर यह मामला चुनाव आयोग के पास पहुंचा। चुनाव आयोग का कहना है कि अब एक विवाद है। एक तरफ अरूप रॉय के नेतृत्व वाला डीटीएमसी है, तो दूसरी तरफ डॉ. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला एमएआईटीसी है। उन्होंने कहा कि जब भी स्पीकर हमें बुलाएंगे, हम अपने समर्थन में विधायकों के बहुमत के साथ उनके सामने पेश होंगे।
