हाथरस जिले के मोहल्ला रमनपुर में शुक्रवार शाम करीब चार बजे जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचीं। इस दौरान एक महिला ने शिकायत की कि आवास योजना का लाभ दिलाने और कागजात बनवाने के नाम पर नगर पालिका की एक महिला कर्मचारी ने उससे ढाई हजार रुपये की रिश्वत ली थी। शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि महिला आवास योजना में रुपये लेने की शिकायत लेकर आई थी और दो-ढाई हजार रुपये लेना करप्शन नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी के खिलाफ पूर्व में ही कार्रवाई हो चुकी है। बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन टीम ने महिला कर्मचारी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जन चौपाल में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, शरद माहेश्वरी, गौरव आर्य सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी और जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव पर सवाल उठाया कि वह घोषणा पत्र जारी करते रहते हैं, जबकि जनता को बताना चाहिए कि जमीन पर क्या काम किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड और निराश्रित महिलाओं को पेंशन जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ दिया है।