सुकमा जिले की कोंटा विधानसभा सीट के विधायक कवासी लखमा के क्षेत्र में लगातार न आने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत गोंडपल्ली, गोंडेरास और अफड़ी के सरपंचों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विधायक की क्षेत्र में मौजूदगी और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर चिंता जताई है।
सरपंचों ने अपने पत्र में दावा किया है कि कवासी लखमा लगभग दो वर्षों से क्षेत्रीय दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आए हैं, जिससे आम जनता को अपनी समस्याएं बताने में कठिनाई हो रही है। पत्र के अनुसार, क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और वन अधिकारी से जुड़ी कई जनसमस्याएं लंबित हैं, जिनके निराकरण के लिए लोगों को विधायक की जरूरत है। सरपंचों ने कहा कि जनता में यह जिज्ञासा है कि कोंटा विधायक के बारे में शासन-प्रशासन ने आज तक जानकारी नहीं दी कि वे कहां हैं। उन्होंने कलेक्टर से विधायक को खोजकर तत्काल जानकारी देने का निवेदन किया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा को आरोपी बनाया है और वे इस मामले में जेल में भी रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 3 फरवरी 2026 को शराब घोटाले से जुड़े EOW/ACB और ED के दोनों मामलों में उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। जमानत देते समय कोर्ट ने विशेष शर्त रखी थी कि कवासी लखमा अदालत में पेशी के अलावा छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश नहीं करेंगे और सुनवाई से एक दिन पहले राज्य में आने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट विशेष अदालत में जमा करना है और विदेश यात्रा पर रोक लगाई गई है। जानकारी के अनुसार, कवासी लखमा अभी सुकमा और ओडिशा से सटे किसी जिले में रह रहे हैं।
