तमिलनाडु सरकार ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों को 15 दिन का पितृत्व अवकाश देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की और इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया। राज्य में पहली बार पुरुष सरकारी कर्मचारियों को यह सुविधा मिलेगी।
सरकार ने अवकाश लेने के लिए समय-सीमा भी तय की है। विवाहित पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के छह महीने के भीतर किसी भी समय यह छुट्टी ले सकेंगे। यानी कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार अवकाश लेने का विकल्प मिलेगा।
सरकार का कहना है कि पुरुष कर्मचारी लंबे समय से पितृत्व अवकाश की मांग कर रहे थे। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का मानना है कि बच्चे की परवरिश और देखभाल केवल मां की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें पिता की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। पितृत्व अवकाश मिलने से पुरुष कर्मचारियों को बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने और उसकी देखभाल करने का मौका मिलेगा।
राज्य में महिला सरकारी कर्मचारियों को पहले से ही 365 दिन की मातृत्व छुट्टी मिलती है। अब पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिन का पितृत्व अवकाश शुरू करने का फैसला किया गया है।