पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के टाटा कॉलोनी स्थित माधोपुर में गुरुवार की रात एक स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर में चोरी की घटना हुई। बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे से अंदर घुसे और दो कमरों के साथ आलमारियों के ताले तोड़कर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और पांच लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

स्वर्ण व्यवसायी धर्मेंद्र सोनी अपने पुराने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ मनेर के गांधी हाट स्थित एक मैरिज हॉल के पास बने अपने नए मकान में आयोजित गृहप्रवेश के भोज में शामिल होने गए थे। रात करीब 11 बजे परिवार लौटा तो कमरों के दरवाजे टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। आलमारियों की जांच पर जेवरात और नकदी गायब मिली।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने एसआई अफसर अली, अभय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजकर जांच शुरू कराई। थानाध्यक्ष के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र आभूषण बनाने का काम करते हैं, जबकि उनके भाई जितेंद्र की मनेर बस्ती रोड पर शगुन ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। विभिन्न दुकानदारों से सोना आभूषण बनाने के लिए लिया गया था।