जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुख के चुनावों में क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा और कांग्रेस दोनों का गणित कई जगह बिगड़ गया और कई सीटों पर जिला प्रमुख की कुर्सी हाथ से निकल गई। इस मामले में दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चूरू में कांग्रेस के पास 39 सदस्यीय जिला परिषद में 21 सदस्य थे और माकपा के एक सदस्य के समर्थन से कुल आंकड़ा 22 का था, लेकिन चार से पांच सदस्यों की क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश देवी बुडानिया को केवल 17 वोट मिले। भाजपा की कनिका सिंह 22 वोट पाकर जिला प्रमुख बनीं।

डीग में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं था, लेकिन 14 सदस्यों के साथ कांग्रेस मजबूत स्थिति में थी। यहां सात सदस्यों की क्रॉस वोटिंग के कारण कांग्रेस उम्मीदवार को महज सात वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर ली। त्रिशंकु जिला परिषद वाले प्रतापगढ़ में कांग्रेस को अपने ही एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग से एक वोट का नुकसान हुआ, जिससे पार्टी जरूरी बहुमत नहीं जुटा सकी और भाजपा ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।

इसके उलट कई सीटों पर भाजपा के भीतर हुई क्रॉस वोटिंग कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हुई। 27 सदस्यों वाली ब्यावर जिला परिषद में भाजपा के पास 14 सीटों का स्पष्ट बहुमत था, जबकि कांग्रेस के पास 13 सदस्य थे। मतदान के दौरान भाजपा खेमे में क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस प्रत्याशी ममता गुर्जर ने भाजपा की निर्मला देवी को एक वोट से हराकर ब्यावर का पहला जिला प्रमुख पद जीत लिया।

उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग का असर दिखा। मिली जानकारी के अनुसार लगभग छह जिलों में क्रॉस वोटिंग देखने को मिली। पाली में कांग्रेस के तीन सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की, जिससे भाजपा के हेमंत गादाना उप जिला प्रमुख चुने गए। उदयपुर में भाजपा के दलीचंद डांगी को 26 और कांग्रेस के उदयलाल डामोर को 21 मत मिले। चूरू और प्रतापगढ़ में उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने अपने सदस्यों को एकजुट रखा और भाजपा ये सीटें हार गई। जिला प्रमुख चुनावों में कांग्रेस को 24, भाजपा को 10 और भारत आदिवासी पार्टी को 2 सीटें मिलीं, जबकि उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को 25, भाजपा को 8 और बीएपी को 3 सीटें मिलीं।