भागलपुर-बांका एसएच-25 पर समुखिया मोड़ के पास टोल प्लाजा बनने की तैयारी है, जिससे इस मार्ग पर सफर महंगा हो जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने 44 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए वाहनों की श्रेणी के अनुसार टोल दरें निर्धारित कर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। टोल प्लाजा से गुजरने के बाद सफर की दूरी चाहे जितनी हो, निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा टोल भुगतान करना होगा।

विभाग के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बस के लिए यह दर 2 रुपये प्रति किलोमीटर होगी। बस और दो एक्सल वाले ट्रक के लिए 4.25 रुपये, तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए 4.60 रुपये तथा भारी निर्माण मशीनरी और मल्टी एक्सल वाहनों के लिए 6.65 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है। सात या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए सर्वाधिक 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है।

टोल वसूली शुरू होने के बाद भागलपुर, अमरपुर और बांका के बीच नियमित रूप से चलने वाले व्यावसायिक वाहनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। माल ढुलाई करने वाले ट्रक, यात्री बस और अन्य वाणिज्यिक वाहनों के परिचालन खर्च पर भी सीधा असर पड़ सकता है। हालांकि, गैर-वाणिज्यिक पंजीकरण वाले निजी कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को फिलहाल शुल्क से छूट दी गई है। निर्धारित प्रावधानों के तहत सर्विस या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होने पर उससे गुजरने वाले दोपहिया वाहन भी टोल मुक्त रहेंगे।

टोल की गणना में मार्ग पर बने 132 मीटर लंबे पुल को भी शामिल किया गया है। विभागीय प्रावधान के अनुसार इसकी वास्तविक लंबाई का दस गुना यानी 1.32 किलोमीटर सड़क के बराबर मानकर टोल की गणना की जाएगी। ओवरलोड वाहनों से संबंधित श्रेणी के लागू टोल शुल्क के बराबर अतिरिक्त राशि वसूली जाएगी। नियमित यात्रियों के लिए 24 घंटे में दो एकतरफा यात्रा के लिए डेढ़ गुना शुल्क पर रिटर्न पास और एक माह की वैधता वाले मासिक पास के लिए एकतरफा यात्राओं के कुल शुल्क का दो-तिहाई भुगतान करना होगा।