मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार सुबह सचिवालय में उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों व लखपति दीदियों को प्रोत्साहन राशि, अतिथि शिक्षकों के वेतन, पीआरडी कर्मियों, भोजनमाताओं और आशा कार्यकर्ताओं समेत महिला कार्मिकों के मानदेय से जुड़े विषय आ सकते हैं। इसके अलावा कार्मिक, शिक्षा, वन, उद्योग और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विषय भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

पीआरडी जवान इस बैठक पर टकटकी लगाए हुए हैं। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट के अनुसार जवान 365 दिन नियमित रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर डीए की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य सचिव और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव से मुलाकात की, जहां अधिकारियों ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

संगठन ने चेतावनी दी है कि बैठक में दोनों मांगें पूरी न होने पर 28 नवंबर को प्रदेश में कैंडल मार्च निकाला जाएगा और 30 नवंबर को प्रदेश भर के पीआरडी जवान सीएम आवास कूच करेंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत, प्रदेश सचिव बीरसिंह रावत, विनोद तोमर और सुधीर तोमर आदि मौजूद रहे।