भागलपुर और जमालपुर के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। 1094.53 करोड़ रुपये की लागत से 52.81 किलोमीटर लंबी इस लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पूर्व रेलवे, भागलपुर और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुंगेर व भागलपुर रेल क्षेत्र में करीब 66 हेक्टेयर जमीन के सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया है। जिला भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी द्वारा तीन माह के भीतर सत्यापन पूरा कर जमीन रेलवे को सौंपने की तैयारी है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

इस परियोजना के लिए पूर्व में 1893 करोड़ रुपये का प्राक्कलन रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। रेलवे बोर्ड द्वारा लागत कम करने के निर्देश के बाद कंस्ट्रक्शन विभाग ने संशोधित बजट तैयार किया, जिसे हाल ही में मंजूरी मिल गई है। अगले तीन वर्षों में तीसरी लाइन बिछाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पूर्व रेलवे के कंस्ट्रक्शन एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अखिलेश कुमार ने बताया कि 1094 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित तीसरी लाइन के लिए मुंगेर और भागलपुर क्षेत्र में 66 हेक्टेयर भूमि के सत्यापन का कार्य प्रशासन के सहयोग से शुरू कर दिया गया है। तीन महीने में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

इस रेलखंड से सफर करने वाले यात्रियों और कोयला ढुलाई के लिए यह परियोजना बड़ी राहत मानी जा रही है। इसे महत्वाकांक्षी इकोनामिक कॉरिडोर परियोजना बताया गया है।