ओटावा: कनाडा के क्यूबेक प्रांत में सरकारी कर्मचारियों के हिजाब, पगड़ी और क्रॉस जैसे धार्मिक निशान पहनने पर लगी रोक जारी रहेगी। कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने उस कानून को सही ठहराया है, जिसके तहत पब्लिक सेक्टर के कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान धार्मिक निशान पहनने से रोका गया है। बिल 21 के नाम से जाने जाने वाले इस कानून को कई संगठनों ने अदालत में चुनौती दी थी। मुस्लिम, सिख और कैथोलिक महिला शिक्षकों समेत कई समूहों का मानना था कि यह कानून उनके मौलिक अधिकारों के खिलाफ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्यूबेक ने 2019 में कनाडा के संविधान के एक खास हिस्से नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज के तहत बिल 21 पास किया था। यह क्लॉज सरकारों को धर्म की आजादी से जुड़े कुछ अधिकार खत्म करने की इजाजत देता है। देश की सबसे बड़ी अदालत ने इसे सही माना है। एक्सपर्ट का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का असर सिर्फ क्यूबेक ही नहीं, कनाडा के बड़े हिस्से में हो सकता है।

क्यूबेक में सिविल लिबर्टी समूहों ने बिल 21 की आलोचना करते हुए कहा है कि इसका सबसे ज्यादा असर हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं पर पड़ता है और इसने उन्हें प्रांत में पब्लिक लाइफ के जरूरी हिस्सों से बाहर कर दिया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से बिल 21 की संवैधानिकता, क्यूबेक द्वारा नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज के इस्तेमाल की वैधता और उसकी सीमाओं पर सवालों के जवाब मांगे थे। शुक्रवार को टॉप कोर्ट ने बिल 21 की वैधता की पुष्टि की, लेकिन यह भी कहा कि यह कानून क्यूबेक के चुने हुए अधिकारियों को धार्मिक कारणों से फेस कवरिंग पहनने से रोककर लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। कोर्ट ने कहा कि नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज लागू होने के बावजूद वह इस मामले में यह तय नहीं करेगा कि कानून कनाडा के चार्टर ऑफ राइट एंड फ्रीडम के हिसाब से है या नहीं।

सात जजों की बेंच के बहुमत ने पाया कि क्यूबेक का कानून काफी हद तक सही है, हालांकि कुछ जजों ने फैसले के कुछ हिस्सों पर असहमति जताई। जस्टिस एंड्रोमाचे कराकात्सानिस, मिशेल ओबोनसाविन और निकोलस कासिरर ने लिखा कि नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज का इस्तेमाल ऐसे कानूनों को मंजूरी देने के लिए नहीं किया जा सकता, जो कनाडा के एक आजाद और लोकतांत्रिक देश के तौर पर बुनियादी चरित्र से मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि उनके मुताबिक यह कानून धर्म की आजादी, बोलने की आजादी और बराबरी के अधिकार की चार्टर की गारंटी का उल्लंघन करता है। क्यूबेक सरकार ने इस कानून के पक्ष में तर्क दिया है कि यह प्रांत के सेक्युलरिज्म या लेसिटे को उसकी पहचान के मुख्य हिस्से के तौर पर बनाए रखने के लिए जरूरी है। इस मुद्दे पर कनाडा में लगातार बहस देखने को मिलती रही है।