दिल्ली सरकार ने बिना चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक, गर्भपात संबंधी एमटीपी किट और नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ सख्ती दिखाई है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह के निर्देश पर ड्रग कंट्रोल विभाग ने तीन दिन चले विशेष अभियान में 83 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें से 43 में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियामकीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अनियमितताओं की पहचान के लिए कई जगहों पर गुप्त ग्राहक भी भेजे गए।

20 नवंबर को त्रिनगर और न्यू अशोक नगर में 29 प्रतिष्ठानों की जांच हुई, जिनमें 13 में उल्लंघन मिला। इनमें पांच मामले बिना पर्चे एमटीपी किट की बिक्री-खरीद और रिकॉर्ड न रखने से जुड़े थे, जबकि आठ में नशीली दवाओं के नियमों का उल्लंघन पाया गया। 23 नवंबर को यमुना विहार, पहाड़गंज और करोल बाग में 30 प्रतिष्ठानों की जांच में 13 में अनियमितताएं मिलीं, जिनमें 11 एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) और तीन नशीली दवाओं से संबंधित थीं।

25 नवंबर को रामपुरा, इंद्रलोक और सुल्तानपुर में 24 प्रतिष्ठानों की जांच में 17 में उल्लंघन मिला, जिनमें 12 एएमआर और चार नशीली दवाओं से जुड़े थे। जांच में बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे दवाओं की बिक्री, खरीद-बिक्री का अनिवार्य रिकॉर्ड न रखने और पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाएं बेचने के मामले सामने आए। अभियान का उद्देश्य औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और औषधि नियम, 1945 का पालन सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि बिना निगरानी एंटीबायोटिक की बिक्री से एएमआर बढ़ता है और संक्रमणों का उपचार कठिन हो जाता है।