हुर्रियत चेयरमैन और मीरवाइज-ए-कश्मीर मौलवी उमर फारूक ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें एक बार फिर नजरबंद कर दिया गया, जिसके चलते वह श्रीनगर की जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज से पहले तकरीर नहीं कर सके। उन्होंने इसे शुक्रवार को नजरबंद रखने की परंपरा बताते हुए प्रशासन पर लोगों के मुद्दे उठाने पर रोकने का आरोप लगाया।
मीरवाइज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें पहले से ही नजरबंदी की आशंका थी। इसकी वजह शेषनाग के पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र में संभावित आपदा को लेकर उनकी चिंता और वक्फ बोर्ड के धार्मिक कार्यक्रम में वंदे मातरम के पाठ का मुद्दा उठाना बताया गया।
उन्होंने कहा कि शेषनाग के वायरल दृश्यों के बाद उन्होंने वहां पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान पर लोगों की चिंताओं को सामने रखा था। इसके अलावा वक्फ बोर्ड के धार्मिक आयोजन में वंदे मातरम के पाठ को लेकर भी लोगों की भावनाओं से जुड़े सवाल उठाए थे।
मीरवाइज ने आरोप लगाया कि जब भी वह जनता से जुड़े संवेदनशील मुद्दे उठाते हैं, उसी शुक्रवार उन्हें जामिया मस्जिद जाने से रोक दिया जाता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि उन पर दबाव बनाने के बजाय जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं और इन मुद्दों की संवेदनशीलता को समझा जाए तथा ऐसे फैसलों से बचा जाए जिनसे लोगों को ठेस पहुंचती है।
