केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित नए परिसीमन व्यवस्था लागू होने पर उत्तराखंड में लोकसभा की सीटें पांच से बढ़कर आठ हो सकती हैं। शुक्रवार को मोदी सरकार ने लोकसभा सीटों की संख्या में सभी राज्यों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इस संबंध में नया परिसीमन विधेयक 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में प्रस्तुत किया जा सकता है।

राज्य में इस समय लोकसभा की पांच सीटें हैं, जिनमें पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, अल्मोड़ा, हरिद्वार तथा नैनीताल-ऊधमसिंहनगर शामिल हैं। इनमें से तीन सीटें पर्वतीय क्षेत्र और दो मैदानी क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं। माना जा रहा है कि 50 प्रतिशत सीट बढ़ने की स्थिति में राज्य के हिस्से में ढाई सीट आती हैं, और आनुपातिक वृद्धि होने पर लगभग तीन सीटें बढ़ने का अनुमान है।

अनुमान के अनुसार परिसीमन के बाद पर्वतीय क्षेत्र को दो और मैदानी क्षेत्र को एक अतिरिक्त सीट मिल सकती है। इससे दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों का संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। इन क्षेत्रों के उचित प्रतिनिधित्व की मांग लंबे समय से उठती रही है।

हालांकि, सीटें कितनी बढ़ेंगी, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।