दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से स्नातक और स्नातकोत्तर दाखिलों की व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है। विश्वविद्यालय ने स्नातक दाखिले में सीयूईटी के सभी 37 विषयों को समान महत्व देने का फैसला किया है। वहीं, दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में सीटें 10 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। दाखिले की नई व्यवस्था को अकादमिक काउंसिल की स्वीकृति मिल चुकी है। अब कार्यकारी परिषद की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत यूजी दाखिले में विद्यार्थियों को उन्हीं विषयों में सीयूईटी देनी होगी, जिन्हें उन्होंने 12वीं कक्षा में पढ़ा और पास किया है। अभी तक सीयूईटी के विषयों को तीन श्रेणियों में बांटकर दाखिला प्रक्रिया अपनाई जाती थी, जिनमें 14 भाषाएं, 22 डोमेन स्पेसिफिक विषय और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट (जीएटी) शामिल थे। अब सभी 37 विषयों को समान महत्व मिलेगा। कई पाठ्यक्रमों में जीएटी के अंक नहीं जोड़े जाएंगे, हालांकि बीकॉम, बीएमएस, बीबीए-एफआइए, बीबीई और बीएफए जैसे पाठ्यक्रमों में जीएटी को एक विषय के रूप में चुनने का विकल्प रहेगा। अलग-अलग पाठ्यक्रमों में सीयूईटी अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी।

पीजी दाखिले में भी सीटों का नया फार्मूला लागू करने की तैयारी है। इसके तहत कुल उपलब्ध सीटों में 25 प्रतिशत सीटें एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों और 75 प्रतिशत सीटें दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों के लिए निर्धारित होंगी। दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में सीटों का बंटवारा पहले की तरह रहेगा, जिसमें 50 प्रतिशत सीटें विभागों और 50 प्रतिशत कॉलेजों को आवंटित होंगी। एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों की सीटें केवल विश्वविद्यालय के विभागों में उपलब्ध होंगी, कॉलेजों में नहीं। सभी सीटों पर केंद्र सरकार की आरक्षण नीति लागू होगी।

अकादमिक काउंसिल सदस्य डॉ. रामकिशोर यादव के अनुसार, स्थायी समिति की यूजी और पीजी दाखिले से संबंधित सिफारिशों को मंजूरी दी गई है।