उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी अपने दो दिवसीय ब्रज भ्रमण पर शुक्रवार देर शाम गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में गिरिराज जी के दर्शन किए और प्रभु के दरबार में विविध भोग समर्पित कर सेवा अर्चना की। आगरा से शाम करीब सात बजे गोवर्धन पहुंचे अनंत अंबानी सबसे पहले गंगाधाम आश्रम गए, जहां नाथद्वारा के तिलकायत गोस्वामी विशाल बाबा ने उनका स्वागत किया। आश्रम में कुछ समय रुकने के बाद वह विशाल बाबा के सानिध्य में पैदल ही मंदिर पहुंचे।
मंदिर में कुनबाड़ा के अंतर्गत गिरिराज जी को विभिन्न प्रकार के भोग समर्पित किए गए। पूजन से पूर्व अनंत अंबानी ने बल्लभकुल पुरोहित सुरेशचंद रामजीलाल के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। पुरोहित ने उन्हें प्रसादी दुपट्टा भेंट किया और ब्रजभूमि आगमन पर बधाई दी। मंदिर में रोजाना शाम 6.30 बजे शयन आरती होती है, लेकिन शुक्रवार को भक्त के भाव को देखते हुए आरती करीब सवा घंटे विलंब से हुई। अनंत अंबानी के मंदिर पहुंचने के बाद विशाल बाबा ने शयन आरती की।
इसके बाद अनंत अंबानी ने गोवर्धन पर्वत की 21 किमी की पैदल परिक्रमा शुरू की। शनिवार सुबह वह गिरिराज जी के दर्शन कर वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करेंगे।
