नई दिल्ली। महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शुक्रवार को मलेशिया को 6-2 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। एशियाई खेलों की चैंपियन भारतीय टीम ने इस मुकाबले में दमदार आक्रामक खेल दिखाया। टीम के छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए, जबकि दीपिका ने दो गोल किए।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाया। 10वें मिनट में मुमताज खान ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर खाता खोला। 18वें मिनट में नवनीत कौर के मैदानी गोल से भारत की बढ़त दोगुनी हो गई। 25वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर से स्कोर 3-0 किया। दो मिनट बाद नूर अजहर ने पेनल्टी कॉर्नर से मलेशिया का पहला गोल किया, लेकिन 30वें मिनट में दीपिका के एक और पेनल्टी कॉर्नर गोल से भारत मध्यांतर तक 4-1 से आगे रहा।
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने लय बनाए रखी। 33वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। 52वें मिनट में नूरामीरा जुल्किफली ने मलेशिया के लिए मैदानी गोल किया, लेकिन 57वें मिनट में इशिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत की 6-2 से जीत तय कर दी।
दूसरे सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। अब खिताबी मुकाबले में भारतीय महिला टीम का सामना चीन से होगा।
