रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पंजाब के जालंधर निवासी 40 वर्षीय गुरप्रीत सिंह रंधावा के यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करने का मामला सामने आया है। यूक्रेन में मौजूद सूत्रों के हवाले से उनकी पहचान की गई है। आरोप है कि उन्हें रूस में नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया और बाद में रूसी सेना में भर्ती कर युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया। यूक्रेन की सरकारी परियोजना ‘आई वांट टू लिव’ के मुताबिक, गुरप्रीत ने सोशल मीडिया पर कपड़ों की फैक्ट्री में ड्राइवर की नौकरी का विज्ञापन देखा था। उन्हें टूरिस्ट वीजा दिलाने में मदद की गई और 26 अगस्त 2026 को उन्होंने रूसी सशस्त्र बलों के साथ सैन्य सेवा का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। परियोजना के अनुसार, ट्रेनिंग के दौरान उनके साथ भारत और नेपाल के नागरिक भी थे और कई गंभीर घटनाएं हुईं। अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें पोक्रोव्स्क सेक्टर में युद्ध के मोर्चे पर भेजा गया, जहां उनके समूह पर हमले में दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। परियोजना के मुताबिक, रूसी सैन्य कमान के बर्ताव और लोगों को मरते देखने के बाद उन्होंने हथियार छोड़कर यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। एक इंटरव्यू में गुरप्रीत ने भारत सरकार से अपील की कि भारतीय युवाओं को रूस जाने से रोका जाए। यह युद्ध के दौरान किसी भारतीय नागरिक के यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करने का दूसरा मामला बताया गया है। इससे पहले गुजरात के मोरबी निवासी 23 वर्षीय साहिल माजोठी ने पिछले साल अक्टूबर में आत्मसमर्पण किया था और वे अभी भी ल्वीव स्थित जाखिद-1 युद्धबंदी शिविर में हिरासत में हैं। 12 नवंबर को कीव स्थित भारतीय दूतावास में राजदूत अंजनी कुमार और यूक्रेन में युद्धबंदियों के मामलों से जुड़े समन्वय मुख्यालय के सचिव ब्रिगेडियर जनरल दिमित्रोव उसोव को पत्र लिखकर गुरप्रीत के आत्मसमर्पण और हिरासत की पुष्टि मांगी गई थी, लेकिन जवाब नहीं मिला है।