अमेरिका की एक संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सिख राजनीतिक नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश के मामले में 235 महीने यानी 19 साल से ज़्यादा की सज़ा सुनाई है। गुप्ता ने फ़रवरी में सुपारी देकर हत्या कराने, हत्या की साज़िश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश रचने के आरोप क़ुबूल किए थे। शुक्रवार को सज़ा सुनाते समय फ़ेडरल कोर्ट के जज ने कहा कि सज़ा पूरी होने के बाद संभव है कि उन्हें अमेरिका से निर्वासित या वापस भेज दिया जाए।

अमेरिकी अभियोजकों का आरोप था कि भारत सरकार के एक अधिकारी ने गुप्ता को ख़ालिस्तान आंदोलन के प्रमुख चेहरे पन्नू की हत्या का निर्देश दिया था। अभियोजकों के मुताबिक़, मई 2023 में भारतीय ख़ुफ़िया अधिकारी विकास यादव ने गुप्ता को पन्नू की निजी जानकारी, जिसमें न्यूयॉर्क में उनका पता और रोज़मर्रा की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी शामिल थी, दी थी। गुप्ता ने अपने हैंडलर के निर्देश पर हत्या की साज़िश के लिए एक व्यक्ति से संपर्क किया, जो असल में अमेरिकी सरकार का मुख़बिर था। उस मुख़बिर ने गुप्ता की मुलाक़ात एक ऐसे व्यक्ति से कराई, जिसे उसने सुपारी लेकर हत्या करने वाला बताया, लेकिन वह असल में अमेरिकी ड्रग एन्फ़ोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) का अंडरकवर अधिकारी था। जून 2023 में चेक गणराज्य की राजधानी प्राग के एक हवाई अड्डे से गुप्ता को गिरफ़्तार कर अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था।

भारत ने इस मामले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। गुप्ता की गिरफ़्तारी के बाद विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा था कि यादव अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं और अमेरिका की ओर से उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर विचार के लिए भारत ने एक जांच समिति बनाई है। भारत सरकार ने पन्नू को आतंकवादी बताया है, जबकि पन्नू इस आरोप से इनकार करते हैं। अमेरिकी नागरिक पन्नू अमेरिका स्थित सिख अलगाववादी संगठन 'सिख्स फ़ॉर जस्टिस' (एसएफ़जे) के प्रवक्ता हैं, जिस पर भारत में 2019 से प्रतिबंध लगा हुआ है।

पन्नू ने इससे पहले कहा था कि निखिल गुप्ता की ओर से अपराध स्वीकार करना इस बात की न्यायिक पुष्टि है कि भारत की मोदी सरकार ने अमेरिकी ज़मीन पर सुपारी देकर हत्या कराने की सुनियोजित साज़िश रची थी। अदालत में पीड़ित पर पड़े असर के बारे में दिए बयान में पन्नू ने कहा कि हत्या की नाकाम कोशिश से उनकी सक्रियता पर कोई असर नहीं पड़ा है। सिख अलगाववादी नेता नरिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि यह सज़ा उस चीज़ के ख़िलाफ़ पहली बार इंसाफ़ मिलने का संकेत है, जिसे वह भारत और विदेशों में सिखों का ऐतिहासिक और व्यवस्थित उत्पीड़न बताते हैं।