जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की रेकी में इस्तेमाल किए गए 'गो-प्रो हीरो' 12 कैमरे को लेकर चीन ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। जम्मू की विशेष अदालत ने मार्च में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को इस कैमरे के खरीदार और अंतिम उपयोगकर्ता का पता लगाने के लिए चीन से न्यायिक सहायता मांगने की अनुमति दी थी। एनआईए के शीर्ष सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, एनआईए के पास इस कैमरे के इस्तेमाल को लेकर पर्याप्त फोरेंसिक सबूत हैं।
एनआईए की जांच में सामने आया था कि पहलगाम हमले से पहले उस इलाके की विस्तृत रेकी की गई थी। इसके लिए 'गो-प्रो हीरो' 12 ब्लैक कैमरा, जिसका सीरियल नंबर C3501325471706 है, का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए सुरक्षा बलों की मूवमेंट, लोकल लोगों की आवाजाही और ट्रांसपोर्ट की स्थिति जैसी अहम जानकारी जुटाई गई थी। यह रेकी आतंकवादी मॉड्यूल का हिस्सा थी और कैमरे का कई बार इस्तेमाल किया गया।
जांच को तह तक पहुंचाने के लिए एनआईए ने चीन के सक्षम न्यायिक प्राधिकरण को लेटर रोगेटरी (एलआर) जारी करने की अनुमति मांगी थी। जम्मू की विशेष अदालत में एनआईए ने कहा था कि कैमरे से जुड़ी जानकारी, यानी वह पहलगाम तक कैसे पहुंचा और उसका उपयोगकर्ता कौन था, केस की जांच के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। एनआईए ने पहले कैमरे के निर्माता गो प्रो बीवी से जानकारी मांगी थी, जिसने बताया था कि यह कैमरा पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना स्थित वितरक एई ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड को सप्लाई किया गया था। एनआईए के मुताबिक, 30 जनवरी, 2024 को चीन के डोंगगुआन में यह कैमरा एक्टिव हुआ था। गो प्रो बीवी ने जांच एजेंसी को बताया था कि उसके पास कैमरे के लेन-देन संबंधी विवरण या अंतिम उपयोगकर्ता का रिकॉर्ड नहीं है।
भारत और चीन के बीच पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) जैसा कोई पारस्परिक समझौता नहीं होने से आगे भी एनआईए को इस तरह की जानकारी मिल सकेगी, इसमें संशय है। सूत्रों के अनुसार, एनआईए इस मामले में संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध विरोधी कन्वेंशन (यूएनटीओसी) के तहत सहायता ले सकती है, हालांकि यह एक लंबी प्रक्रिया है। गत वर्ष एनआईए ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी)/द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के सदस्य भी शामिल हैं। जम्मू स्थित एनआईए विशेष न्यायालय में दायर 1,597 पृष्ठों के आरोपपत्र में पाकिस्तानी हैंडलर आतंकवादी साजिद जट्ट का नाम भी आरोपी के रूप में शामिल है। आरोपपत्र में उन तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम भी हैं, जो हमले के कुछ हफ्तों बाद जुलाई 2025 में श्रीनगर के दाचीगाम में ऑपरेशन महादेव के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए थे। तीनों की पहचान फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान शाह, हबीब ताहिर उर्फ जिब्रान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई थी।