अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित दक्षिणी जिले के एक अमेरिकी जिला न्यायाधीश ने निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है। दिल्ली निवासी 55 वर्षीय गुप्ता ने इस साल 13 फरवरी को तीन आरोपों को स्वीकार किया था, जिनमें हत्या की साजिश रचना, उसके लिए किसी की मदद लेना और आर्थिक लाभ के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का प्रयास शामिल है। बचाव पक्ष ने अदालत से गुप्ता को 144 महीने यानी 12 वर्ष की सजा सुनाने का आग्रह किया था। उसने दलील दी थी कि भारत में आतंकवादी घोषित गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ यूएपीए के तहत केस दर्ज है और उसकी हत्या की साजिश के मामले में गुप्ता को कोई आर्थिक लाभ होने वाला नहीं था। बचाव पक्ष के अनुसार, गुप्ता पर भारत के किसी सरकारी कर्मचारी का दबाव था और उसके अपराध को ज्यादा गंभीर दिखाया जा रहा है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गुप्ता पर निगरानी शुरू कर दी थी। गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से बातचीत शुरू की, जो अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी का अंडरकवर अधिकारी था, लेकिन उसने खुद को ड्रग तस्कर बताया। गुप्ता ने उस पर भरोसा जताया और अपनी योजना से जुड़ी कई अहम बातें साझा कीं। उस अधिकारी ने गुप्ता की मुलाकात एक अन्य व्यक्ति से कराई, जिसे हिटमैन यानी भाड़े के हत्यारे के रूप में पेश किया गया। बाद में पता चला कि वह व्यक्ति भी अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी का अंडरकवर अधिकारी था। गुप्ता को 30 जून, 2023 को चेक गणराज्य में अमेरिका के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था और 14 जून, 2024 को न्यूयॉर्क लाया गया था।

अभियोजन पक्ष ने अदालत में इस मामले को राजनीतिक हत्या की कोशिश से जोड़ते हुए गुप्ता को कठोर सजा देने की मांग की थी। सरकारी पक्ष का कहना था कि पन्नू की हत्या की साजिश इसलिए रची गई, क्योंकि गुप्ता उसकी राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ था। अदालत को बताया गया कि इस केस में एक सरकारी व्यक्ति भी प्रमुख तौर पर शामिल है। अभियोजन पक्ष ने यह आरोप भी लगाया कि गुप्ता ने हिटमैन को पन्नू की हत्या के लिए तैयार करते वक्त ड्रग्स और हथियारों के सौदे सहित कई तरह का लालच दिया था। अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा था कि गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी को यह भी बता दिया था कि गुरपतवंत सिंह पन्नू अकेला हो तो उस पर हमला कर देना है और अगर वह किसी के साथ है तो सबको खत्म कर देना है।

अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के दस्तावेजों में रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव का भी जिक्र किया गया है। दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2023 में यादव को अपहरण एवं जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था, हालांकि अप्रैल 2024 में उन्हें जमानत मिल गई और उसके बाद से उनकी कोई सूचना नहीं है। एफबीआई ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को वांटेड सूची में शामिल किया था। यादव पर अमेरिका में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष पेश सबूतों में गुप्ता और यादव के बीच हुई बातचीत को भी शामिल किया था। ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में गुप्ता ने अन्य कैदियों को योग सिखाना शुरू कर दिया था और अदालत में बताया था कि सेंटर के अधिकारी और कैदी उसे इंडियन योगा कहकर बुलाने लगे थे।