शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह देखने की इच्छा जताई थी, लेकिन सरकार ने उन्हें सिर्फ एससीओ कार्यक्रम वाली जगहों तक सीमित रहने की शर्त बताई। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।
एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इसमें पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मलिक तीन साल में भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। विदेश कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, मलिक को भारत के संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने आमंत्रित किया है। बयान में कहा गया है कि मलिक सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व पर पाकिस्तान का नजरिया रखेंगे।
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मलिक ने आगरा में ताजमहल और दिल्ली में निजामुद्दीन दरगाह समेत कई जगहों पर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन सरकार ने इनकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, उन्हें साफ बता दिया गया कि इस दौरे में वह केवल एससीओ कार्यक्रम वाली जगहों पर ही जा सकते हैं, किसी अन्य स्थान पर नहीं।
बता दें कि मलिक पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की यात्रा करने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। उनसे पहले तीन साल पूर्व बिलावल भुट्टो ने एससीओ बैठक में हिस्सा लिया था। मलिक ने पिछले साल अप्रैल में पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि रद्द किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और जून के एक कार्यक्रम में कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे।
