न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में अमेरिकी जिला न्यायाधीश ने निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है। दिल्ली निवासी 55 वर्षीय गुप्ता ने इस साल 13 फरवरी को तीन आरोपों को स्वीकार किया था, जिनमें हत्या की साजिश रचना, उसके लिए किसी की मदद लेना और आर्थिक लाभ के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का प्रयास शामिल है। बचाव पक्ष ने अदालत से 144 महीने यानी 12 वर्ष की सजा सुनाने का आग्रह किया था।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गुप्ता पर निगरानी शुरू कर दी थी। गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से बातचीत शुरू की, जो एजेंसियों का अपना आदमी था और जिसने खुद को ड्रग तस्कर बताया। गुप्ता ने उस पर भरोसा जताया और अपनी योजना से जुड़ी कई अहम बातें साझा कीं। बाद में उस व्यक्ति ने गुप्ता की मुलाकात एक अन्य व्यक्ति से कराई, जिसे हिटमैन बताया गया, लेकिन वह भी अंडरकवर अधिकारी निकला। गुप्ता को 30 जून, 2023 को चेक गणराज्य में अमेरिका के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था और 14 जून, 2024 को न्यूयॉर्क लाया गया था।

अभियोजन पक्ष ने मामले को राजनीतिक हत्या की कोशिश से जोड़ते हुए कठोर सजा की मांग की। अदालत में कहा गया कि गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश इसलिए रची गई, क्योंकि गुप्ता उसकी राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ था, और इस केस में एक सरकारी व्यक्ति भी प्रमुख तौर पर शामिल है। अभियोजन पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि गुप्ता ने हिटमैन को पन्नू की हत्या के लिए तैयार करते वक्त ड्रग्स और हथियारों के सौदे सहित कई तरह का लालच दिया था।

अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के दस्तावेजों में रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव का जिक्र भी किया गया है। दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2023 में यादव को अपहरण एवं जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अप्रैल 2024 में जमानत मिल गई। एफबीआई ने अक्टूबर 2024 में यादव को वांटेड सूची में शामिल किया था। ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में गुप्ता ने अन्य कैदियों को योग सिखाना शुरू कर दिया, जिसके बाद वहां उसे इंडियन योगा कहकर बुलाया जाने लगा।