प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, लेकिन कुछ लोग इस उपलब्धि को स्वीकार करने में अब भी हिचक रहे हैं। उन्होंने रविवार को गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं के दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उनका इशारा विपक्ष की ओर था। पीएम मोदी ने कहा कि गरीबी कम करने की यह उपलब्धि उनकी सरकार की नीतियों और प्रयासों का परिणाम है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया और जेलों में अपनी जवानी बिताई, उनकी आत्मा भी आज यह रिपोर्ट देखकर सबसे ज्यादा खुश होगी कि आखिरकार उनके देश से गरीबी दूर हो रही है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत थी, जो 2023 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। इस दौरान अनुमानित 49.6 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए। मोदी ने इसे 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने की उपलब्धि बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि हजार साल की गुलामी ने देश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया था। ऐसे में 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जीवन में इससे बड़ा संतोष और कोई नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें पता है कि कुछ लोगों को इस उपलब्धि को खुले तौर पर स्वीकार करने में अब भी हिचक होती है। इसकी वजह यह है कि यह सब मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उन्हें यह पसंद हो या न हो, लेकिन सरकार को इस बात का संतोष है कि उसकी मेहनत रंग लाई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीयत सही थी, नीति सही थी और दिशा भी सही थी। मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने इस उपलब्धि को देश के नागरिकों के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत बताया। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां देश का स्वर्णिम काल देखेंगी। भाजपा ने गुजरात की सभी 182 विधानसभा सीटों पर दिवाली के बाद स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया था। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इन कार्यक्रमों में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने घाटलोडिया विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।