रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की प्राचीन सभ्यता और यहां बोली जाने वाली विभिन्न भाषाओं की प्रशंसा की है। सर्बियाई फिल्म निर्माता एमिर कुस्टुरिका को दिए एक इंटरव्यू में पुतिन ने कहा कि भारत की सभ्यता दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है और इसके बारे में जितना अधिक जानकारी मिलती है, रुचि उतनी ही बढ़ती जाती है। इस बातचीत का विवरण क्रेमलिन की ओर से जारी किया गया।

पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई एक बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग मुख्य भाषा बोलते हैं। पुतिन के मुताबिक, मोदी ने बताया था कि करीब 60 करोड़ लोग मुख्य भाषा बोलते हैं, जबकि देश की कुल आबादी लगभग 150 करोड़ है और बाकी लोग अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। पुतिन ने इस विविधता को आश्चर्यजनक बताया।

उल्लेखनीय है कि भारत में कोई राष्ट्रीय भाषा घोषित नहीं है। हिंदी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में से एक है। 2011 की जनगणना के अनुसार, करीब 52.83 करोड़ लोगों ने हिंदी को अपनी मातृभाषा बताया था। हिंदी के अलावा बंगाली, मराठी, तेलुगु, तमिल, गुजराती, उर्दू, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाएं बोली जाती हैं।

इंटरव्यू में पुतिन ने रूस की धार्मिक विविधता का भी जिक्र किया और कहा कि रूस बौद्ध धर्म, यहूदी धर्म, इस्लाम और ऑर्थोडॉक्स ईसाई धर्म को मान्यता देता है। उन्होंने यूक्रेन युद्ध पर भी टिप्पणी की और यूक्रेनी सैनिकों से रूसी पक्ष में आने की अपील की। पुतिन ने कहा कि वह उनसे आत्मसमर्पण करने के लिए नहीं कहना चाहते, क्योंकि इससे उन्हें अपमान महसूस हो सकता है। इंटरव्यू देने वाले कुस्टुरिका ने रूस की ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रभाव और राष्ट्रीय पहचान पर एक डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन किया है।