भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 16 से 19 नवंबर तक चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर रहे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे से दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग और रक्षा उद्योग की साझेदारी को नई गति मिली है।
यात्रा के दौरान जनरल सेठ ने चेक गणराज्य के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, राजनयिकों, सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ कई अहम बैठकें कीं। दोनों पक्षों ने रक्षा तकनीक, सैन्य प्रशिक्षण, सेना के आधुनिकीकरण, बदलते सुरक्षा हालात और भविष्य की युद्ध संबंधी चुनौतियों पर विचार साझा किए। इसका मकसद दोनों सेनाओं के बीच पेशेवर तालमेल बढ़ाना और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखना भी था।
सेना प्रमुख ने ब्रनो स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ डिफेंस और नाटो के संयुक्त रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु रक्षा उत्कृष्टता केंद्र का दौरा किया। यहां सैन्य शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण तथा संस्थागत स्तर पर सहयोग की संभावनाएं तलाशी गईं और सीबीआरएन रक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा हुई। उन्होंने चेक थल सेना की चौथी रैपिड डिप्लॉयमेंट ब्रिगेड का भी दौरा किया, जहां ब्रिगेड की बनावट, जिम्मेदारियों और क्षमताओं की जानकारी दी गई। दोनों पक्षों ने तेजी से सैनिकों की तैनाती, सैन्य तैयारियों और आधुनिक युद्ध के तरीकों पर अनुभव साझा किए।
यात्रा का अहम हिस्सा चेक रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक रही। जनरल सेठ ने अंतर-सरकारी सहयोग एजेंसी (एएमओएस) के उप महानिदेशक, चेक गणराज्य के रक्षा एवं सुरक्षा उद्योग संघ (एओबीपी) के उपाध्यक्ष और रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। बातचीत में दोनों देशों की रक्षा कंपनियों की क्षमताओं, नई तकनीक विकसित करने और उद्योगों के बीच सीधा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रक्षा औद्योगिक साझेदारी को नई गति मिली है, जिससे आत्मनिर्भर भारत योजना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।