नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह 22 से 23 नवंबर तक राजकीय यात्रा पर हैं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।

दौरे की शुरुआत शाह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के साथ की। नई दिल्ली के होटल ताज महल में हुई इस मुलाकात के बाद जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है और वह सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बातचीत का इंतजार कर रहे हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। बैठक में व्यापार, परिवहन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे मुद्दे उठे।

सोमवार, 23 नवंबर को शाह प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी, जिसमें साझा प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। मोदी नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे। शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।

दौरे में आर्थिक सहयोग पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है, जिसमें व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा तथा पूरे हो चुके कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन और आने वाली योजनाओं का शिलान्यास किए जाने की उम्मीद है। नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश आकर्षित करना और कारोबारियों के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशना है। शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भारत आए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है।