हैदराबाद पुलिस को एक ईमेल मिला है, जिसमें शहर में बम धमाकों की धमकी दी गई है। यह ईमेल लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है। इसमें काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा को संभावित निशाना बताया गया है और 26/11 जैसे हमलों की बात कही गई है। ईमेल में यह दावा भी किया गया है कि इन हमलों में 300 लोगों की मौत हो सकती है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, यह ईमेल 21 नवंबर को शहर की पुलिस ईमेल आईडी पर भेजा गया था। प्रथम दृष्टया यह फर्जी प्रतीत होता है और इसकी जांच की जा रही है। ईमेल में जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा लश्कर-ए-तैयबा कमांडर और मोस्ट-वांटेड आतंकवादी लतीफ भट्ट तथा उसके साथियों के मारे जाने के बदले में हमलों की चेतावनी दी गई है। हालांकि, ईमेल में यह नहीं बताया गया कि धमाके कब हो सकते हैं।
शहर पुलिस ने एक बयान में कहा कि संदिग्ध स्थानों पर विस्फोटक रोधी जांच की गई है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्पेशल ब्रांच ने सुरक्षा एजेंसियों को रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों, होटलों, पूजा स्थलों, भीड़भाड़ वाली सार्वजनिक जगहों और जरूरी सरकारी परिसरों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है और नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारी ने कहा कि ईमेल फर्जी है और मामले की जांच जारी है।
