रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की प्राचीन सभ्यता और भाषाई विविधता की तारीफ की है। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता जितनी प्राचीन है, उतनी ही दिलचस्प भी है। इसके बारे में जितना अधिक जानने का मौका मिलता है, उतनी ही दिलचस्पी बढ़ती जाती है।
पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हाल ही में हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि भारत की भाषाई विविधता के बारे में जानकर वह हैरान रह गए थे। उन्होंने कहा कि भारत में अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का होना अपने आप में अद्भुत है। पुतिन ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग देश की मुख्य भाषा बोलते हैं। इस पर मोदी ने उन्हें बताया कि करीब 60 करोड़ लोग यह भाषा बोलते हैं, जबकि भारत की कुल आबादी लगभग 1.5 अरब है। यानी देश की करीब एक-तिहाई आबादी ही उस मुख्य भाषा का इस्तेमाल करती है, जबकि बाकी दो-तिहाई लोग अपनी-अपनी भाषाएं बोलते हैं। पुतिन ने कहा कि यह बात उनके लिए बेहद हैरान करने वाली और अद्भुत थी। उन्होंने भारतीय सभ्यता को एक ऐसी व्यवस्था बताया, जहां इतनी अधिक भाषाई और सांस्कृतिक विविधता होने के बावजूद देश एकजुट बना हुआ है।
यह पहला मौका नहीं है, जब पुतिन ने भारत की विविधता की तारीफ की है। पिछले महीने वाल्दाई डिस्कशन क्लब में बोलते हुए भी उन्होंने भारत को अलग-अलग संस्कृतियों, परंपराओं और भाषाओं के एक साथ रहने का बेहतरीन उदाहरण बताया था। उन्होंने कहा था कि भारत अपने विशाल आकार और विविधता के कारण दुनिया को हैरान करता है। पुतिन के मुताबिक, भारतीय संस्कृति में कुछ खास है, जो यह सिखाती है कि अलग-अलग पहचान और परंपराओं के बावजूद एकता कायम रखी जा सकती है।
बता दें कि भारत और रूस के संबंध दशकों पुराने और भरोसेमंद माने जाते हैं। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, अंतरिक्ष और परमाणु तकनीक जैसे क्षेत्रों में मजबूत सहयोग है। रूस भारत के सबसे बड़े रक्षा उपकरण आपूर्तिकर्ताओं में शामिल रहा है और दोनों देश ब्रह्मोस मिसाइल, एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली और सैन्य तकनीक के क्षेत्र में भी सहयोग करते हैं।
