नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह 22 से 23 नवंबर तक राजकीय यात्रा पर हैं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।
दौरे की शुरुआत शाह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के साथ की। रविवार शाम नई दिल्ली के होटल ताज महल में हुई इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, परिवहन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है और वह सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बातचीत का इंतजार कर रहे हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
सोमवार, 23 नवंबर को शाह प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में साझा प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी, जिसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। मोदी नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी देंगे। शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
दौरे के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग पर भी जोर रहेगा तथा कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास होने की उम्मीद है। नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश आकर्षित करना है। शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर सहित वरिष्ठ अधिकारी भारत आए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाता है।