खाना पकाने के लिए कौन सा तेल बेहतर है, यह बहस आम घरों में अक्सर होती है। हाल के समय में नारियल तेल को सेहत के लिए फायदेमंद बताया जाता रहा है और कीटो व पैलियो जैसे डाइट प्लान में इसे खास जगह दी गई है। इसी बीच भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक अध्ययन ने नारियल तेल और घी के इस्तेमाल पर नई बहस छेड़ दी है। अध्ययन के अनुसार, मूंगफली के तेल की तुलना में नारियल तेल और घी का इस्तेमाल करने वाले लोगों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर अधिक होने की आशंका रहती है। एलडीएल को 'खराब कोलेस्ट्रॉल' भी कहा जाता है।
आईसीएमआर के भारतीय मधुमेह अनुसंधान कार्यक्रम 'ICMR-INDIAB' के अध्ययन में 18,090 लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। प्रतिभागियों से खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल के प्रकार की जानकारी ली गई और फिर उनके कोलेस्ट्रॉल तथा मेटाबॉलिज्म से जुड़े अन्य स्वास्थ्य मानकों से इसकी तुलना की गई।
मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहन कहते हैं कि बहुत से लोग नारियल तेल को बहुत अच्छा और उम्र बढ़ाने वाला बताते हैं, लेकिन इस दावे के समर्थन में स्पष्ट आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। उनके मुताबिक, तमिलनाडु में नारियल तेल का इस्तेमाल बहुत कम होता है, जबकि केरल और गोवा जैसे राज्यों में इसका इस्तेमाल अधिक होता है और वहां के लोगों का औसत कोलेस्ट्रॉल तमिलनाडु के लोगों की तुलना में 40 से 50 मिलीग्राम अधिक है। वे कहते हैं कि नारियल तेल बिल्कुल नहीं खाना चाहिए या यह बहुत खतरनाक है, ऐसा वे नहीं कहेंगे, लेकिन अगर यह पसंद है तो इसका इस्तेमाल थोड़ी कम मात्रा में करें।
यह अध्ययन एक निश्चित समयावधि में लोगों की खान-पान की आदतों और उनके स्वास्थ्य मानकों की तुलना करता है। यह एक संबंध की ओर इशारा करता है, लेकिन यह साबित नहीं करता कि कोई खास तेल सीधे तौर पर हार्ट अटैक का कारण बनता है। डॉक्टर और पोषण सलाहकार अरुण कुमार कहते हैं कि इस अध्ययन में लोगों से 14 सवालों वाला सर्वे किया गया और उनका एक बार कोलेस्ट्रॉल टेस्ट किया गया। उनके मुताबिक, इस शोध में सबसे अहम बात यह पता लगाना होनी चाहिए थी कि हार्ट अटैक के मामलों में कमी आती है या नहीं, लेकिन इस अध्ययन में इसकी जांच नहीं की गई।
आहार में शामिल वसा को सैचुरेटेड फैट और अनसैचुरेटेड फैट में बांटा जा सकता है। नारियल तेल, घी, मक्खन और पाम ऑयल में सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होती है। घी में 60-65% सैचुरेटेड फैट, 20-25% मोनोअनसैचुरेटेड फैट और 3-4% पॉलीअनसैचुरेटेड फैट होता है, जबकि नारियल तेल 100% वसा से बना होता है, जिसमें 80-90% सैचुरेटेड होती है। कुछ अध्ययनों में यह पुष्टि हुई है कि सैचुरेटेड फैट का अधिक सेवन एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकता है। डॉ. मोहन मूंगफली और तिल के तेल में मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैट को बेहतर विकल्प बताते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम और अच्छे कोलेस्ट्रॉल यानी एचडीएल को बढ़ाता है। उनके मुताबिक, सरसों के तेल में भी लगभग मूंगफली के तेल जितनी मोनोअनसैचुरेटेड फैट होती है, जबकि सूरजमुखी और कुसुम का तेल पॉलीअनसैचुरेटेड फैट की श्रेणी में आते हैं।
डॉ. अरुण कुमार कहते हैं कि सैचुरेटेड फैट एलडीएल को थोड़ा बढ़ा सकता है, लेकिन इसके साथ कुछ अन्य सकारात्मक बदलाव भी हो सकते हैं और यह एचडीएल यानी अच्छे कोलेस्ट्रॉल को भी बढ़ाता है। उनके मुताबिक, घी में मौजूद शॉर्ट-चेन फैटी एसिड पेट में अवशोषित होकर कुछ स्वास्थ्य लाभ पहुंचाते हैं, इसलिए केवल कोलेस्ट्रॉल में थोड़ी वृद्धि के आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि इससे सीधे तौर पर हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है। 2020 में जर्नल 'सर्कुलेशन' में प्रकाशित एक अध्ययन में नारियल तेल से संबंधित 16 क्लिनिकल अध्ययनों के नतीजों का संयुक्त विश्लेषण किया गया, जिसमें पाया गया कि अन्य वनस्पति तेलों की तुलना में नारियल तेल का इस्तेमाल करने वालों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल अधिक पाया गया।
