गुरुनानक जयंती के मौके पर लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पंकज कुमार ने अनोखे अंदाज में लंगर लगाया। यहां लोगों को मुफ्त पेट्रोल बांटा गया, जिसके चलते पंप पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पंप ठीक एक गुरुद्वारे के सामने है, जिसकी झलक वायरल हो रहे वीडियो में भी देखी जा सकती है। वीडियो में पंकज भीड़ के बीच गाड़ियों का प्रबंधन करते नजर आ रहे हैं।
पंकज ने बताया कि उन्होंने यह राशि अपनी साल भर की कमाई के एक हिस्से से निकाली थी। POI Pulse के मुताबिक, यह लंगर शुरू में एक घंटे के लिए लगाया गया था, लेकिन यह करीब दो घंटे तक चला। इस दौरान करीब 50 हजार से 60 हजार रुपये के बीच खर्च हुए।
सिख समुदाय में गुरु नानक देव जी की सीखों का पालन किया जाता है और इन सीखों के जरिए दूसरों का जीवन आसान बनाने की कोशिश की जाती है। पंकज भी गुरुनानक जयंती पर इन सीखों को एक अलग तरीके से मानना चाहते थे। आमतौर पर ऐसे मौकों पर खाना खिलाया या कपड़े बांटे जाते हैं, लेकिन उन्होंने पेट्रोल बांटने का फैसला किया।
वायरल वीडियो पर लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि मदद के और भी तरीके हो सकते थे। एक यूजर ने लिखा कि अस्पताल के बाहर खाना बंटवाया जा सकता था, तो किसी ने कहा कि इतने रुपयों में कई बच्चों की मदद हो सकती थी। एक यूजर ने इसे लंगर का मजाक बताया है।
