दक्षिण कोरिया की ब्यूटी इंडस्ट्री का दायरा अब सिर्फ के-पॉप और कोरियन ड्रामा तक सीमित नहीं है। स्किनकेयर और कॉस्मेटिक्स ब्रांड अमेरिका, यूरोप समेत दुनिया के बड़े बाजारों में अपनी जगह बना रहे हैं और भारत में भी इसकी मांग तेज हो रही है। ग्लास स्किन लुक वाले प्रोडक्ट्स को युवाओं में खासा पसंद किया जा रहा है। अमेजन की बेस्टसेलर लिस्ट से लेकर सेफोरा और टारगेट जैसे रिटेल स्टोर तक कोरियन ब्रांड मौजूद हैं।
साल 2025 में दक्षिण कोरिया ने रिकॉर्ड 11.43 अरब डॉलर यानी करीब 1 लाख करोड़ रुपये के कॉस्मेटिक्स का निर्यात किया, जो पिछले साल से 12.3 फीसदी ज्यादा है। पहली बार अमेरिका चीन को पीछे छोड़कर कोरियन कॉस्मेटिक्स का सबसे बड़ा बाजार बन गया। कोरियन कॉस्मेटिक्स अब 202 देशों में पहुंच रहे हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 172 थी। जुलाई में NielsenIQ की रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल बाजार में के-ब्यूटी की बिक्री एक साल में 53% और दो साल में 131% बढ़ी है।
इस सफलता के पीछे मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम है। Original Development Manufacturer (ODM) कंपनियां दूसरे ब्रांडों के लिए प्रोडक्ट बनाने के साथ रिसर्च, फॉर्मूलेशन और डिजाइन में भी मदद करती हैं। इससे नए ब्रांड को फैक्ट्री, लैब और रिसर्च टीम बनाने की जरूरत नहीं पड़ती और शुरुआती निवेश कम हो जाता है। Cosmax और Kolmar Korea दोनों ने 2025 में ओडीएम कारोबार से 1 ट्रिलियन वॉन यानी करीब 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री की। कंपनियों ने शीट मास्क, कुशन फाउंडेशन, सन स्टिक और एक्ने पैच जैसे प्रोडक्ट दुनिया भर में लोकप्रिय बनाए, जबकि स्नेल म्यूकिन और सेंटेला एशियाटिका जैसे इंग्रीडिएंट्स चर्चा में हैं। सोशल मीडिया और इन्फ्लुएंसर्स के जरिए सीधे ग्राहकों तक पहुंचने और कम कीमत पर प्रीमियम लुक देने की रणनीति ने भी बाजार बढ़ाया।
भारत में भी के-ब्यूटी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। साल 2024 में यह करीब 3700 करोड़ रुपये का था और 2030 तक करीब 14 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, यानी सालाना करीब 25 फीसदी की बढ़त। भारत में दक्षिण कोरिया के 60 से ज्यादा ब्यूटी ब्रांड मौजूद हैं। बिजनेस वर्ल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक बिक्री में डायरेक्ट टू कंज्यूमर्स यानी डीटूसी की हिस्सेदारी करीब आधी है।
