भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौते पर बातचीत जारी है। दोनों देशों के मंत्रियों और अधिकारियों ने इसे जल्दी पूरा करने के बयान दिए हैं, लेकिन इसी बीच अमेरिका की ओर से टैरिफ पर नया प्रस्ताव सामने आया है। करीब डेढ़ साल की बातचीत के बाद अमेरिका ने भारत के लिए 17% टैरिफ का प्रस्ताव दिया है। इससे पहले समझौता न होने की स्थिति में भारत पर 25% टैरिफ लगाने की बात कही गई थी। दोनों दरों के बीच 8 प्रतिशत अंक का अंतर है, जो कारोबार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मामलों के विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. राम सिंह ने इस स्थिति में भारत के लिए छह रणनीतिक विकल्प सुझाए हैं।
डॉ. सिंह के अनुसार, भारत को समझौते में भविष्य के लिए मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) का प्रावधान शामिल कराने पर जोर देना चाहिए। इसके तहत अगर अमेरिका भविष्य में किसी दूसरे व्यापारिक साझेदार को भारत से कम टैरिफ देता है, तो भारत को भी अपने आप वही सुविधा मिलनी चाहिए। इससे भारत को हर बार नए सिरे से बातचीत नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने निवेश से जुड़ा MFN प्रावधान भी सुझाया, जिससे भारतीय निवेशकों को अमेरिका में दूसरे साझेदार देशों के निवेशकों के समान व्यवहार मिले। साथ ही सेमीकंडक्टर, डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, महत्वपूर्ण खनिज और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अमेरिकी कंपनियों के निवेश को बढ़ावा देने की बात कही गई।
विशेषज्ञ ने समझौते में 5 साल बाद अनिवार्य समीक्षा यानी सनसेट क्लॉज का प्रावधान शामिल कराने पर जोर दिया। उनका कहना है कि राष्ट्रपति के कार्यकारी आदेशों के आधार पर होने वाले व्यापार समझौतों को हमेशा के लिए स्थायी नहीं मानना चाहिए। समीक्षा से पता चलेगा कि दोनों देशों को कितना फायदा हुआ और शर्तें भारत की घरेलू जरूरतों के अनुरूप हैं या नहीं। हालांकि, इस प्रावधान का इस्तेमाल मनमाने तरीके से समझौते से बाहर निकलने के लिए नहीं होना चाहिए। समझौते का सबसे संवेदनशील मुद्दा टैरिफ दोबारा लागू करने यानी स्नैप-बैक का है। भारत को सुनिश्चित करना चाहिए कि अमेरिका सिर्फ किसी आरोप या अपने प्रशासनिक फैसले के आधार पर दी गई टैरिफ छूट वापस न ले सके। टैरिफ बढ़ाने से पहले बातचीत, पारदर्शी जांच, अपना पक्ष रखने का मौका और स्वतंत्र समीक्षा जैसी प्रक्रियाएं पूरी होनी चाहिए।
बाजार तक पहुंच के मुद्दे पर डॉ. सिंह ने कहा कि भारत अमेरिका के कुछ चुनिंदा कृषि उत्पादों के लिए टैरिफ-रेट कोटा (TRQ) पर विचार कर सकता है। इस व्यवस्था के तहत किसी उत्पाद की तय मात्रा को कम आयात शुल्क पर भारत आने की अनुमति दी जा सकती है, जबकि सीमा से ज्यादा आयात पर अधिक शुल्क लगेगा। इससे अमेरिकी कृषि उत्पादों को सीमित पहुंच मिलेगी और घरेलू उत्पादकों को सुरक्षा भी। यह छूट सभी कृषि उत्पादों के लिए नहीं होनी चाहिए और हर उत्पाद के लिए अलग कोटा तय किया जाना चाहिए, जिसमें घरेलू किसानों और संवेदनशील कृषि क्षेत्रों की जरूरतों का ध्यान रखा जाए। कोटे की समय-समय पर समीक्षा होनी चाहिए और उनकी सीमा अपने आप नहीं बढ़नी चाहिए।
