ढाका। पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद में भारत विरोधी बयान दिया है। उन्होंने 1971 के मुक्ति युद्ध में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत ने बंगालियों की मदद के लिए नहीं, बल्कि पाकिस्तान को कमजोर करने के मकसद से युद्ध में हिस्सा लिया था। स्पीकर ने कश्मीर मुद्दे पर भी पाकिस्तान का पक्ष लेते हुए संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के अनुसार समाधान पर जोर दिया। पाकिस्तान की धरती से उन्होंने भारत को मुस्लिम विरोधी देश बताया और भारत का नाम लिए बिना कहा कि बांग्लादेश पिछले 15 साल में एक पड़ोसी देश की कॉलोनी बन गया था।

इन टिप्पणियों से ढाका और पाकिस्तान की बढ़ती नजदीकी सामने आई है। हाफिज उद्दीन बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और 1971 के युद्ध के समय पाकिस्तानी सेना में तैनात थे। उन्होंने पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी से प्रशिक्षण लिया था, जब बांग्लादेश पूर्वी पाकिस्तान कहलाता था। आजादी की लड़ाई शुरू होने के समय उनकी उम्र 27 साल थी।

उस दौरान वह जेसोर छावनी में ईस्ट बंगाल रेजीमेंट की पहली बटालियन में तैनात थे। बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट प्रथम आलो को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि सोच-विचार के बाद उन्होंने विद्रोह में शामिल होने का फैसला किया। अहमद 200 सैनिकों के साथ इस विद्रोह में शामिल हुए थे और बाद में मुक्ति युद्ध को संगठित करने में मदद की। उन्होंने सैनिकों की भर्ती में भी योगदान दिया।

मुक्ति युद्ध में योगदान के लिए हाफिज उद्दीन अहमद को बांग्लादेश के सर्वोच्च वीरता पुरस्कारों में से एक बीर बिक्रम से सम्मानित किया गया था। उन्हें हाफिज उद्दीन अहमद 'बीर बिक्रम' के नाम से जाना जाता है।