मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब की पैरवी करने वाले दो वकीलों को 18 साल बाद भी फीस नहीं मिली है। अमीन सोलकर और फरहाना शाह ने 2010 में बॉम्बे हाईकोर्ट में करीब 9 महीने तक कसाब का बचाव किया था। दोनों को महाराष्ट्र सरकार ने पैरवी के लिए नियुक्त किया था। हाईकोर्ट में सुनवाई खत्म हुए 15 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन फीस की रकम का पता नहीं चल पाया है।
दोनों वकीलों का कहना है कि महाराष्ट्र स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी अब भी उनसे अदालत में पेश होने की तारीखों और काम के घंटों की जानकारी मांग रही है। वकीलों के मुताबिक, इतने साल बाद यह रिकॉर्ड जुटाना उनके लिए मुश्किल है। अमीन सोलकर ने बताया कि उन्होंने अथॉरिटी को कई बार पत्र लिखकर फीस देने की मांग की, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ।
हाईकोर्ट ने अमीन और फरहाना को वकील के रूप में नामित किया था और 8 जून 2010 को नियुक्ति की सूचना जारी की गई थी। इसमें फीस स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के बराबर तय की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, यह रकम 1,500 से 2,000 रुपए प्रतिदिन के बीच थी।
26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले में छह अमेरिकी नागरिकों समेत कुल 166 लोग मारे गए थे। हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने शहर के प्रमुख ठिकानों पर 60 घंटे से ज्यादा समय तक कब्जा जमाए रखा था। बाद में कमांडो कार्रवाई में 9 आतंकियों को मार दिया गया और कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया। कसाब को 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा सेंट्रल जेल में फांसी दी गई थी।
