तेल अवीव: नेतन्याहू विरोधी गठबंधन के नेता गादी आइजेनकोट इजरायल की नई सरकार बनाने के करीब पहुंच गए हैं। गुरुवार को आइजेनकोट की यशार पार्टी ने यायर गोलान की डेमोक्रेट्स के साथ गठबंधन समझौते का ऐलान किया। इससे दो दिन पहले यायर गोलान ने आइजेनकोट के साथ बातचीत रोक दी थी, क्योंकि यशार पार्टी नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ यूनिटी सरकार बनाने पर विचार-विमर्श कर रही थी।
गुरुवार हुए समझौते के तहत यायर गोलान की डेमोक्रेट्स पार्टी को चार मंत्रालय मिलेंगे। इसके साथ ही आइजेनकोट गठबंधन को अंतिम रूप देने के करीब पहुंच गए हैं। यशार पार्टी का एविग्डोर लिबरमैन की यिसरायल बेतेनु के साथ पहले ही समझौता हो चुका है, और पूर्व प्रधानमंत्री नेफ्टाली बेनेट की बी-याचाद के साथ भी बातचीत चल रही है।
यशार पार्टी और अति-रूढ़िवादी यूनाइटेड तोराह जुडाइज्स (UTJ) के भी साथ आने की उम्मीद है। गुरुवार को ही यहूदी रब्बियों ने UTJ को आइजेनकोट के साथ औपचारिक बातचीत आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी। UTJ चुनाव से पहले नेतन्याहू के गठबंधन का हिस्सा थी, लेकिन बाद में इसने समर्थन देने से इनकार कर दिया था।
चार दलीय गठबंधन के अलावा ऐसी उम्मीद है कि गादी आइजेनकोट अरब पार्टी राम (Ra'am) को भी अपने साथ जोड़ लेंगे, जिससे उन्हें बहुमत के लिए पर्याप्त सीटें मिल जाएंगी। पारंपरिक अरब पार्टी राम के पास इजरायल की संसद में सात सीटें हैं। इसके बावजूद आइजेनकोट के लिए सत्ता की राह अभी पक्की नहीं है। बताया जा रहा है कि हरेदी समुदाय के अनिवार्य सैन्य भर्ती से जुड़े कानून पर असहमति के चलते बेनेट ने गठबंधन को लेकर होने वाली बातचीत रविवार तक टाल दी है।
बेनेट आइजेनकोट पर नेतन्याहू के साथ मिलकर एकता सरकार बनाने के लिए जोर डाल रहे हैं। उनका मानना है कि इससे कट्टर यहूदी पार्टियों को सत्ता से बाहर रखा जा सकेगा और हरेदी समुदाय को अनिवार्य सैन्य सेवा से दशकों से मिल रही छूट को खत्म किया जा सकेगा। इस बीच ऐसी रिपोर्ट हैं कि आइजेनकोट ने UTJ को हरेदी पुरुषों की भर्ती पर रियायत देने का प्रस्ताव दिया है, जिसके तहत यहूदी धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में सक्रिय हरेदी पुरुषों को सेना में अनिवार्य भर्ती से छूट मिलेगी और बदले में UTJ आइजेनकोट की सरकार को समर्थन देगी। आइजेनकोट को सप्ताह के आखिर तक सरकार बनाने में सफलता मिलने की उम्मीद है।
