अमेरिका में एंप्लॉयमेंट-बेस्ड ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीय वर्कर्स के लिए एक नई चुनौती सामने आई है। अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ लेबर (DOL) ने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) प्रोसेस के लिए इस्तेमाल होने वाले संशोधित ड्राफ्ट फॉर्म ETA-9089 को जारी किया है। यह फॉर्म DOL के नवंबर 2026 के प्रस्तावित नियम के बाद जारी किया गया है, जिसका टाइटल 'मॉडर्नाइजिंग द लेबर मार्केट टेस्ट एंड इम्प्रूविंग प्रोटेक्शंस फॉर यू.एस. वर्कर्स इन द परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन इमिग्रेंट वीजा प्रोग्राम' (2026-23370) है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो कंपनियों के लिए भारतीयों को ग्रीन कार्ड के लिए स्पॉन्सर करना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल भी भारतीयों के लिए ग्रीन कार्ड का वेटिंग टाइम काफी ज्यादा है।

प्रस्तावित फॉर्म में सामान्य निर्देश और एपेंडिक्स A से E में उन डॉक्यूमेंट्स और शर्तों की जानकारी दी गई है, जिन्हें प्रस्ताव के फाइनल होने के बाद कंपनियों को पूरा करना होगा। फॉर्म के सेक्शन I के तहत कंपनी को साइन की हुई रिक्रूटमेंट रिपोर्ट जमा करनी होगी। कंपनी को उन सभी जॉब विज्ञापनों की कॉपी भी देनी होगी, जो उसने निकाली थी, और PERM एप्लिकेशन देते समय सभी अमेरिकी आवेदकों का रिज्यूमे जमा करना होगा। अभी कंपनियों को ये सारे डॉक्यूमेंट्स तभी दिखाने होते हैं, जब ऑडिट की जरूरत होती है।

प्रश्न G.11 और G.12 में PERM एप्लिकेशन फाइल करने से पहले समान या मिलते-जुलते पॉजिशन पर हुई छंटनी की जानकारी देने की अवधि को छह महीने से बढ़ाकर दो साल करने का प्रस्ताव है। इस अवधि के दौरान छंटनी करने वाली कंपनियों को एपेंडिक्स C में प्रभावित पदों और कर्मचारियों को दी गई सूचनाओं की डिटेल्स देनी होगी। इस नियम के दायरे में कंपनियों के अपने दफ्तर और क्लाइंट-साइट, दोनों जगह हुई छंटनी शामिल होगी।

फिलहाल यह समझना जरूरी है कि प्रस्तावित बदला हुआ फॉर्म अभी ड्राफ्ट में है और इसकी वजह से मौजूदा समय में PERM को लेकर किसी तरह का कोई बदलाव नहीं हो रहा है। DOL की तरफ से जो प्रस्ताव दिया गया है, उस पर अभी लोगों की राय ली जा रही है। जब तक फाइनल नियम लागू नहीं हो जाता, तब तक कंपनियों को 'फॉरेन लेबर एप्लीकेशन गेटवे' (FLAG) सिस्टम के माध्यम से मौजूदा फॉर्म ETA-9089 का ही इस्तेमाल जारी रखना होगा। यानी अभी भारतीय आवेदकों को पुराने फॉर्म के जरिए ही अप्लाई करना होगा।