अमेरिका के पूर्वी हिस्से में थैंक्सगिविंग के मौके पर आए शक्तिशाली तूफान से भारी तबाही हुई है। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और तटीय बाढ़ के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और छुट्टियों की यात्राएं बुरी तरह बाधित हुई हैं।
बिजली आपूर्ति पर नजर रखने वाली वेबसाइट पॉवर आउटेज के मुताबिक गुरुवार शाम तक मध्य-पश्चिम और उत्तर-पूर्व में लगभग 9 लाख उपभोक्ताओं की बिजली गुल थी। सीएनएन के अनुसार पेंसिल्वेनिया में 2.13 लाख से ज्यादा, वर्जीनिया में 1.5 लाख से ज्यादा और मिसूरी में लगभग 1.2 लाख उपभोक्ता बिजली से वंचित थे। एबीसी न्यूज ने बताया कि वर्जीनिया में करीब 2 लाख और मैरीलैंड में 1.77 लाख घरों व कारोबारों में बिजली नहीं थी।
पूर्वी तट पर 112 किमी प्रति घंटे तक की हवाओं ने पेड़ और बिजली के खंभे गिरा दिए। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार डेलावेयर, न्यू जर्सी और दक्षिण-पूर्वी पेंसिल्वेनिया में पेड़ों और बिजली लाइनों के गिरने से व्यापक बिजली कटौती हुई। मौसम विभाग ने इसे हाल के इतिहास का सबसे बड़ा थैंक्सगिविंग तूफान बताया है।
तूफान से यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। फ्लाइटअवेयर के अनुसार गुरुवार को अमेरिकी हवाई अड्डों पर 350 से अधिक उड़ानें रद हुईं और करीब 700 में देरी दर्ज की गई, जिससे हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (एएए) के मुताबिक थैंक्सगिविंग के आसपास सात दिनों में 8.15 करोड़ अमेरिकी कम से कम 50 मील दूर यात्रा करने वाले थे। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने पूर्वी तट पर भारी बारिश, तेज हवाओं और बड़े पैमाने पर तटीय बाढ़ की चेतावनी दी है, जबकि इंटरस्टेट-95 कॉरिडोर पर 50 मील प्रति घंटे या उससे अधिक की हवाओं का अनुमान है। न्यू जर्सी के गवर्नर ने आपातकाल की घोषणा की है और न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी आपात उपाय लागू किए गए हैं।
