चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली के लिए हलाल व्यंजनों का विशेष इंतजाम किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, रात्रिभोज में निहारी, मटन कोरमा और छोले जैसे सौ से अधिक हलाल व्यंजन परोसे जाएंगे।

समाचार एजेंसी के मुताबिक, शेनझोउ-24 मिशन के तहत तांग होंगबो, वू यी और पाकिस्तानी पायलट मोहम्मद ज़ीशान अली को तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन भेजा गया है। बुधवार को जिउछुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ यह मिशन अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया, जिसके बाद चालक दल ने स्टेशन में प्रवेश किया। ज़ीशान अली पेलोड स्पेशलिस्ट के तौर पर मिशन का हिस्सा हैं और अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी बने हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की मौजूदगी को देखते हुए चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभाग ने चीनी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश तैयार किए हैं। खानपान की पसंद को ध्यान में रखते हुए हलाल भोजन का इंतजाम किया गया है। ज़ीशान अली तियांगोंग स्टेशन पर करीब एक हफ्ता बिताएंगे और इस दौरान कई वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।

इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है। कुछ यूजर्स ने इसे चीन और पाकिस्तान के करीबी रिश्तों का प्रतीक बताया, जबकि कई लोगों ने पारंपरिक पकवानों के अंतरिक्ष तक पहुंचने पर दिलचस्प टिप्पणियां कीं। कुछ यूजर्स ने मेन्यू में बिरयानी को जगह न मिलने पर निराशा भी जताई।