यमन के हूती लड़ाकों ने गुरुवार को सऊदी अरब के जजान शहर स्थित आयल रिफायनरी पर हवाई हमला किया, जिससे रिफायनरी को नुकसान पहुंचा और उसमें आग लग गई। सऊदी अरब ने हमले की पुष्टि की है और कारखाने में काम रोक दिया गया है। इस रिफायनरी की तेलशोधन क्षमता प्रतिदिन चार लाख बैरल कच्चे तेल की है।

इससे पहले बुधवार को हूती ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी रास तानुरा रिफायनरी पर हमला कर उसे भारी नुकसान पहुंचाया था। हूती ने जेद्दा और जजान के बंदरगाहों को भी निशाना बनाने का दावा किया था।

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बताया कि जजान पर हमले के बाद हूती के बैलेस्टिक मिसाइल लांचर साइट को हवाई हमले में नष्ट कर दिया गया। यह स्थान हूती के नियंत्रण वाले यमन के बंदरगाह शहर होदेदा में था। इसके अतिरिक्त भी हूती के इलाकों पर हवाई हमले किए गए।

हूती और सऊदी अरब के बीच तनातनी जुलाई में शुरू हो गई थी। इसी दौरान हूती ने सऊदी जहाजों के लाल सागर से गुजरने पर रोक लगा दी और सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार की सेना से उसकी झड़प होने लगी। कुछ दिन बाद यमन में लड़ाई शुरू हो गई और सितंबर के पहले सप्ताह से सऊदी अरब के साथ भी हूती की सीधी लड़ाई शुरू हो गई। इस लड़ाई में दोनों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हवाई हमले किए, जो अभी तक जारी हैं।